फोटो खिंचाओ अभियान बना भाजपा का पंचायत चलो कार्यक्रम
जिले की 755 ग्राम पंचायतों में जाकर शासन की योजनाओं का बखान करने और मुख्यमंत्री का संदेश लोगों के कानाें में फूंकने के लिए सोमवार से शुरू हुआ भाजपा का चलो पंचायत अभियान महज एक औपचारिकता बनकर रह गया।
पहले दिन कई नेता पंचायतों में पहुंचे और फोटो खिंचवाकर लौट आए। लोग उनका मुंह ताकते रह गए। भाजयुमो में भी यही परिपाटी चली। आगामी विधानसभा चुनाव के पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में छाई सुस्ती से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। पंचायत चलो अभियान की शुरुआत में जिले के दोनों मंत्रियों व विधायकों ने अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों में हितग्राहियों को सम्मानित किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री पं. गोपाल भार्गव ने पटना बुर्जुग पंचायत में पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली ताे वहीं गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बरोदिया कलां ग्राम पंचायत में पहुंचकर सरकार की योजनाएं गिनाईं। नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने युवा मोर्चा द्वारा गठित टीम-11 का बैच लगाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष पटेल ने रजौआ पंचायत पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। विधायक शैलेंद्र जैन अपने विस क्षेत्र की एकमात्र ग्राम पंचायत पथरिया रैयतवारी पहुंचे।