पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गेहूं खरीदी : अब 6 दिन और, 16 हजार किसान शेष, 14 हजार को भेजे मैसेज

गेहूं खरीदी : अब 6 दिन और, 16 हजार किसान शेष, 14 हजार को भेजे मैसेज

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एसएमएस भेजने की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाए जाने के बाद 20 मंडियों में समर्थन मूल्य पर चल रही चना, मसूर और सरसों की दलहन खरीदी प्रक्रिया में भी बड़ी संख्या में किसानों को मैसेज भेज दिए गए हैं। पहले मात्र 890 किसानों को ही रोजाना एसएमएस भेजकर खरीदी की जा रही थी। अब बड़ी संख्या में मैसेज भेजकर किसानों को तारीख दे दी गई है। कुल पंजीकृत 84 हजार 587 किसानों में से अब तक 73 हजार 473 किसानों को मैसेज भेज दिए गए हैं। दलहन की खरीदी प्रक्रिया 9 जून तक चलना है। अब तक 21 हजार 140 किसानों से 41 हजार 654 मीट्रिक टन चना, 11 हजार 347 किसानों से 14 हजार 644 मीट्रिक टन मसूर एवं 724 किसानों से 535 मीट्रिक टन सरसों की खरीदी की जा चुकी है। यहां शेष रहे 20 दिनों में करीब 49 हजार किसानों से खरीदी होना है। हालांकि समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रक्रिया खत्म होने के बाद सोयाबीन की तरह दलहन के भी रेट बढ़ने का अनुमान लगाकर यहां भी किसानों ने अपनी उपज ले जाना कम कर दिया है। यही वजह है कि थोक में एसएमएस करने के बाद किसान उस संख्या में मंडियों में नहीं पहुंच रहे हैं।

कल तक शेष रहे किसानों के पास भी पहुंच जाएंगे एसएमएस

भास्कर संवाददाता | सागर

समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं खरीदी प्रक्रिया की अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अब सिर्फ 6 दिन ही खरीदी चलेगी। 26 मई अंतिम तारीख तय है। फिलहाल यह तारीख बढ़ने की कोई गुंजाइश नहीं है।

जिले में कुल रजिस्टर्ड हुए 53 हजार 358 किसानों में से अब तक 37 हजार 143 किसानों से ही खरीदी की गई है। इस हिसाब से देखा जाए तो 16 हजार 215 किसान अभी भी अपनी उपज बेचने के इंतजार में हैं। शुरुआत में रोजाना 829 किसानों से गेहूं की खरीदी की जा रही थी। ऐसे में अंदेशा था कि हजारों की संख्या में किसान अपनी उपज नहीं बेच पाएंगे।

भास्कर द्वार 11 मई के अंक में खरीदी की धीमी रफ्तार का यह मामला उजागर किए जाने के बाद किसानों को मैसेज भेजने की संख्या बढ़ा दी गई। खाद्य अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि हमने करीब 51 हजार से अधिक किसानों को मैसेज कर दिए हैं। शेष जो दो हजार किसान हैं, उनके पास भी मैसेज 22 मई तक पहुंच जाएंगे। जितने भी किसान अपना गेहूं लेकिन खरीदी केंद्रों पर पहुंचेंगे, उन सभी का गेहूं खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि कुल पंजीकृत हुए किसानों में से कई ऐसे भी हैं, जिन्हें दो बार तक मैसेज भेजा जा चुका है, लेकिन वे अपनी उपज लेकर नहीं आ रहे हैं। हमारे पास स्टॉक को लेकर पूरी व्यवस्थाएं हैं और सभी किसानों से खरीदी के लिए 26 मई की रात तक सभी केंद्र खुले रहेंगे।

खबरें और भी हैं...