सागर | प्रभारी मंत्री उमाशंकर गुप्ता 23 मई से जिले की प्रत्येक विधानसभा में चल रही विकास यात्रा में शामिल होंगे। वे विकास कार्यों का भूमि-पूजन, लोकार्पण, लाभांवित हितग्राहियों का सम्मान कर योजनाओं से जनता को अवगत कराएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल ने बताया कि जिले में 15 मई से विधानसभावार विकास यात्राएं निकाली जा रही हैं। प्रभारी मंत्री 23 मई को सागर विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा में सम्मिलित होंगे। शहर विधायक शैलेंद्र जैन ने बताया कि प्रभारी मंत्री झील में श्रमदान कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं।
प्रभारी मंत्री 24 मई को देवरी, 25 को नरयावली, 26 मई को बंडा, 30 को खुरई व 31 को सुरखी, 1 जून को रहली, 2 जून को बीना विधानसभा की विकास यात्रा में शामिल होंगे। विकास यात्रा के जिला प्रभारी शैलेष केशरवानी ने बताया कि पूरे जिले में स्थानीय विधायक के नेतृत्व में लोगों को शासन की योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने की दृष्टि से व्यवस्थित कार्य योजना के तहत विकास यात्रा निकाली जा रही हैं।