गौरझामर की कथावाचक पर मालथौन का युवक अपने फेसबुक एकाउंट में कर रहा भद्दी टिप्पणी
भास्कर संवाददाता | सागर
मैं कथा वाचक हूं। लोगों को ध्यान अौर भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हूं। लेकिन एक युवक मुझे ही मार्ग से भटकाने का प्रयास कर रहा है। वह अपनेे फेसबुक एकाउंट में मेरी फोटो से छेड़छाड़ कर भद्दे कमेंट्स अपलोड कर रहा है। मैंने युवक से मोबाइल के जरिए संपर्क किया तो वह मुझे धमकाने लगा। यह शिकायत गौरझामर निवासी एक किशोरी कथावाचक ने एसपी ऑफिस में की है।
किशोरी का कहना है कि युवक मेरी तुलना राधे मां सरीखी महिलाओं से कर रहा है, जिसके चलते मेरी धार्मिक व सामजिक प्रतिष्ठा धूमिल हाे रही है। युवक का नाम शुभम सरकार है। कभी कभी वह खुद को मालथौन का बुंदेल सिंह बुंदेला बताता है। वह स्वयं की फेसबुक वॉल पर मुझे गालियां देता है।
उसका कहना है कि तू एक तो लड़की है ऊपर से ब्राह्मण समुदाय की भी नहीं है। फिर किस हैसियत से प्रवचन देती है। सभी महिला प्रवचनकर्ता भविष्य में राधे मां बन जाती हैं। वह अपने फेसबुक फ्रेंड्स को मेरे खिलाफ गंदे कमेंट्स करने के लिए उकसाता है।
मुख्यालय डीएसपी मयंक सिंह का कहना है शिकायत के आधार पर युवक की साइबर सेल के जरिए पहचान की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
किशोरी कथावाचक पर युवक का कमेंट, तू भी राधे-मां बनेगी, मामला पुलिस में