पुतला दहन के मामले में एफआईआर करने पर कांग्रेसियों ने जताई आपत्ति
सागर | बांदरी में गृहमंत्री भूपेंद्रसिंह का पुतला जलाने के बाद पुलिस द्वारा पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे समेत अन्य के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने आईजी सतीशकुमार सक्सेना को शिकायती ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष हीरासिंह राजपूत ने कहा कि पुलिस खुरई विस क्षेत्र में कांगेसियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। बांदरी के पास स्कूली छात्रा से बलात्कार किया गया और उसे जला दिया गया।
प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मांडवी चौहान, और पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे गांव गए। पूरी भीड़ आक्रोशित होकर बांदरी आई। अब अगर इस मामले में भीड़ ने पुतला जलाया तो क्या गलत किया। पुलिस ने सरकार के इशारे पर निर्दोंषोें पर एफआईआर दर्ज कर दी, इसे हटाया जाना चाहिए। पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने कहा कि खुरई में इस तरह पहले भी कई फर्जी मुकद्दमे दर्ज किए गए। जिनके मैं दस्तावेजी सुबूत दे सकता हूं। आईजी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।