- Hindi News
- National
- विवि: पहले दिन 4203 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, इधर परीक्षा कंट्रोलर ने सागर छोड़कर दिल्ली में लगाई खुद की ड्यूटी
विवि: पहले दिन 4203 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, इधर परीक्षा कंट्रोलर ने सागर छोड़कर दिल्ली में लगाई खुद की ड्यूटी
सागर | डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के सत्र 2018-19 में प्रवेश के लिए परीक्षा का आगाज बुधवार से हुआ। पहले दिन देशभर के 24 शहरों में 4203 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 565 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं सागर में 2760 में से 2503 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हैरानी की बात यह है कि कर्नल से रिटायर होकर सागर विवि के परीक्षा नियंत्रक बने राकेश मोहन जोशी विवि छोड़कर प्रवेश परीक्षा कराने के लिए दिल्ली गए हैं। जबकि देशभर में सागर सबसे बड़ा सेंटर है। बताया जाता है कि परीक्षा नियंत्रक के परिजन दिल्ली में ही रहते हैं, इसलिए उन्होंने दिल्ली ड्यूटी लगाई। जबकि विवि में रोजाना कई आउट गोइंग विद्यार्थी एटीकेटी और रिजल्ट आदि की समस्याओं को लेकर कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। पसंदीदा सेंटर पर ड्यूटी लगवाने वाले केवल परीक्षा नियंत्रक ही नहीं बल्कि कई ऐसे प्रोफेसर भी हैं जिन्होंने मनपसंद जगहों पर पर्यवेक्षक बनना पसंद किया है। चेयरमेन एडमिशन सेल एएन शर्मा का कहना है कि परीक्षा नियंत्रक हाल ही में विवि में नियुक्त हुए हैं, ऐसे में उन्हें बाहर जाकर अनुभव लेना जरूरी था।
आज एमबीए समेत 22 कोर्सों के लिए होगी प्रवेश परीक्षा, ऐसी रहेगी बैठक व्यवस्था
गुरुवार को सुबह 8 से 10 बजे के बीच बीएससी(बायो ग्रुप), बायोटेक्नोलॉजी, एमबीए, एमएससी (जियोग्राफी), एमजे, एमएससी(मेथ्स) के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। वहीं दोपहर 12 से 2 बजे तक बीएससी बीएड, बीबीए, एमएससी(केमेस्ट्री), एमए (इंग्लिश), एमफार्मा, एमएससी साइकोलॉजी, एमए सोशलॉजी में प्रवेश के लिए छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। तीसरी शिफ्ट यानी शाम 4 से 6 बजे बजे तक बीएससी(मेथ्स ग्रुप), एमसीए, एमएड, एमए(हिस्ट्री), एमलिव, एमएससी (फिजिक्स) और एमएससी (जूलॉजी) के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।