अभद्र व्यवहार करने पर वार्ड बॉय ने बीवीजी कंपनी के सुपरवाइजर को पीटा
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सफाई और मेंटेनेंस का ठेका लेने वाली बीवीजी कंपनी के सुपरवाइजर और वार्ड बॉय के बीच रविवार दोपहर विवाद हो गया। इस दौरान वार्ड बॉय ने सुपरवाइजर की पिटाई कर दी।
इसके बाद सुपरवाइजर मौके से भाग निकला और कंपनी के अन्य वार्ड बॉयों ने काम बंद कर दिया। विवाद की वजह सुपरवाइजर द्वारा वार्ड बॉय से आपत्तिजनक शब्द कहना और अभद्र व्यवहार करना बताई जा रही है।
मामले को लेकर कंपनी के सफाई, सुरक्षा और अन्य कार्यों में लगे कर्मचारियों ने मंगलवार को भी हड़ताल पर रहने का ऐलान किया है। सभी कर्मचारी कंपनी की नीति के विरोध में डीन को ज्ञापन सौंपेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में जो कंपनी काम करती थी। उसके मुकाबले अधिक वेतन की बात कहकर रखा गया है, लेकिन न तो उचित वेतन मिल रहा है। न ही समय पर दिया जा रहा है। वेतन से काटी जाने वाली राशि की भी जानकारी नहीं दी जा रही है।
हर महीने काटा जा रहा वेतन, सैलरी स्लिप भी नहीं देते : वार्ड बॉय जीतू ने बताया कि शुरुआत में कंपनी ने 7 हजार रुपए सेलरी देना बताया था, लेकिन महीने के अंत में कभी 4 हजार हाथ में आते हैं तो कभी पांच हजार। वेतन में हो रही इसी कटौती की शिकायत करने वह रविवार दोपहर अस्पताल में बने ऑफिस में कंपनी मैनेजर भूपेंद्र पटेल से मिलने गया था। यहां उसका सामना सुपरवाइजर धीरज रायकवार से हो गया। जीतू ने सेलरी स्लिप और हर महीने कम आ रहे वेतन की शिकायत की तो सुपरवाइजर उसे जातिगत अपमानित करते हुए अभद्रता व्यवहार शुरू कर दिया। इसके बाद जीतू ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुपरवाइजर की पिटाई कर दी।
सागर. विवाद के बाद मेडिकल कॉलेज में काम बंद कर हंगामा करते कंपनी के सफाई कर्मचारी।