- Hindi News
- National
- रेलवे विजिलेंस ने 1 साल से नहीं किया पार्सल विभाग का विजिट, पुराने मामले ठंडे बस्ते में
रेलवे विजिलेंस ने 1 साल से नहीं किया पार्सल विभाग का विजिट, पुराने मामले ठंडे बस्ते में
रेलवे पार्सल विभाग और माल की लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर चल रही गड़बड़ियां सामने आने के बाद भी स्थानीय रेलवे अधिकारी कार्रवाई करने से बच रहे हैं।
बगैर ई-वे-बिल के 50 हजार से ज्यादा के माल को इधर-उधर किया जा रहा है। फिर भी रेलवे द्वारा कोई चैकिंग नहीं की जाती है। जबकि ई-वे-बिल के संदर्भ में मंडल को भी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। लीज होल्डर अभी भी मैनीफेस्ट से काम चला रहे हैं। अधिकारी भी नियमों के अधिकृत तौर पर न आने का बहाना कर चुप्पी साधे हुए हैं।
सागर स्टेशन पर बीते साल एक बोगी को गलत रूट से लाने को लेकर रेलवे विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई तो की थी। लेकिन साल भर बीत जाने के बाद भी अभी तक नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। चर्चा है कि दो दिन पहले भी विजिलेंस की टीम सागर स्टेशन आई थी। लेकिन माल-गोदाम की ओर अपना काम कर निकल गई। विजिलेंस की कार्रवाई नहीं होने से सागर स्टेशन पर माल लोडिंग-अनलोडिंग के काम में फिर से गड़बड़ी शुरू हो गई है।
नहीं करते अधिकारी चैकिंग : कोलकाता से आने वाले माल में जहां कुछ व्यापारी टैक्स चोरी कर रहे हैं। वहीं रेलवे के अधिकारी इस माल की चैकिंग करना भी जरूरी नहीं समझ रहे हैं। आए दिन ट्रेन से आने वाला माल प्लेटफॉर्म पर उतार लिया जाता है। उधर, रेलवे वाणिज्य से एक अधिकारी मैनीफेस्ट लेकर माल को प्लेटफॉर्म से रवाना कर देता है। बीते सप्ताह ही 30 से अधिक बोरे एेसे ही आए थे।