धूप तीखी हुई, तो एक दिन में ही 2.4 डिग्री बढ़ गया तापमान
सागर | शुक्रवार को सुबह जहां चटख धूप खिली थी, वहीं दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और आसमान पर बादल छाए। सुबह से तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री बढ़ोतरी हुई। इससे दिन का तापमान 38.0 डिग्री दर्ज हुआ, जो कि सामान्य से 1.00 अधिक रहा। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज हुआ था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.70 बढ़कर 20.80 था। बारिश 0.2 मिमी दर्ज हुई है।
ट्रफ लाइन से बदला मौैसम : मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि दक्षिण पश्चिमी मध्यप्रदेश और गुजरात से सटे इलाकों में हवा का चक्रवात बना हुआ है। इससे मध्य महाराष्ट्र से होकर एक ट्रफ लाइन समुद्र तल से 0.9 किमी ऊंचाई पर बनी है। इस कारण कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज हवा का दौर चल रहा है। आने वाले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।