पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गृहमंत्री के निर्देश पर हत्या का आरोपी थानेदार 4 दिन में ही दोबारा सस्पेंड

गृहमंत्री के निर्देश पर हत्या का आरोपी थानेदार 4 दिन में ही दोबारा सस्पेंड

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हत्या के आरोपी तत्कालीन बांदरी थाना प्रभारी एसआई कमल सिंह सेंगर को दोबारा सस्पेंड कर दिया गया है। सेंगर के खिलाफ ये कार्रवाई उसकी बहाली के 4 दिन बाद ही की गई है। आरोपी थानेदार की गुपचुप बहाली की खबर शुक्रवार को दैनिक भास्कर में प्रमुखता से प्रकाशित होने पर गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह की जानकारी में यह मामला आया।

उन्होंने ओएसडी एवं एडीजी विजय कटारिया को निर्देश दिए कि सेंगर को दोबारा सस्पेंड किया जाए। हालिया निलंबन का कारण आरोपी थानेदार सेंगर का दिलीप यादव हत्याकांड में संलिप्त होना माना गया है। इसके अलावा उसके बहाल होनेे से पीड़ित पक्ष में असंतोष व उनकी सुरक्षा को खतरा होना बताया गया है।

डीजीपी को नियमों की दुहाई देकर हुआ था बहाल
जानकारी के मुताबिक थानेदार ने शासकीय कर्मचारियों के लिए बनी नियमावली की आड़ लेते हुए खुद का निलंबन खत्म कराने के लिए डीजीपी ऋषिकुमार शुक्ल को आवेदन दिया था, जबकि यह नियम केवल उन पद या कर्मचारियों के लिए है, जिन पर किसी व्यक्ति की हत्या, जानलेवा हमला समेत व्यक्तिगत हमले के आरोप नहीं हो । नतीजतन गृहमंत्री ने इस मामले में सेंगर को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

13 अप्रैल को प्रकाशित खबर।

भास्कर ने दोनों दफा सबसे पहले किया खुलासा
बांदरी थाने में करीब 1 साल पहले दिलीप यादव की हत्या के मामले को दैनिक भास्कर ने ही सबसे पहले उजागर किया था। सेंगर 36 घंटे से ज्यादा इस मामले को दो पक्षों के बीच मारपीट और फिर हत्या का केस बताता रहा। भास्कर टीम ने जब इस मामले में पीड़ित परिवार, 108 एम्बुलेंस और इस मर्डर में आरोपी बनाए गए युवकों से जानकारी ली तो साफ हुआ कि इसमें सेंगर व सिपाही राजेश यादव की भी भूमिका है। बाद में एडीजी दिनेश चंद्र सागर की जांच में भी यही तथ्य सामने आए और सेंगर व यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर सस्पेंड किया गया। थानेदार अपनी गुपचुप बहाली करा लाया। जैसे ही भास्कर ने इस खबर को ब्रेक किया तो अब उसे दोबारा सस्पेंड किया गया है।

खबरें और भी हैं...