पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दिन में हुई अंबेडकर व परशुराम जयंती की मीटिंग, देर शाम निकला फ्लैग मार्च

दिन में हुई अंबेडकर व परशुराम जयंती की मीटिंग, देर शाम निकला फ्लैग मार्च

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती समेत परशुराम जयंती और वैशाखी को लेकर डीआईजी राकेश जैन ने पुलिस की तैयारियों संबंधी बैठक ली। डीआईजी जैन ने कहा कि शनिवार को ही डाॅ. अंबेडकर की जयंती और इसी दिन वैशाखी का पर्व भी है। दोनों अवसरों के प्रमुख आयोजन स्थल भी लगभग एक हैं। इसलिए पुलिस की विशेष जवाबदेही बन जाती है कि दोनो समुदाय के लोग इन आयोजनों को गरिमापूर्ण माहौल में कर सकें। इससे पहले उन्होंने शहर के थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्र में होने वाले आयोजनों की जानकारी ली।

इस अवसर डीआईजी ने ताकीद किया कि आप लोग अपने अधीनस्थों को यह बात अच्छे से समझा दें कि वे प्रत्येक व्यक्ति व घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखें। कुछ भी संदिग्ध प्रतीत होता है तो तत्काल सीनियर अधिकारी को जानकारी दें। बैठक के अगले चरण में 18 अप्रैल को परशुराम जयंती की तैयारियों पर चर्चा हुई। इस दौरान एडिशनल एसपी रामेश्वरसिंह ने बताया कि दोनों आयोजनों से जुड़े प्रमुख लोगों से चर्चाएं हो गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे शहर समेत जिला की कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का कोई भी काम नहीं करेंगे। बैठक में एडिशनल एसपी बीना विक्रम सिंह कुशवाहा, सीएसपी रवि चैहान, यातायात डीएसपी संजय खरे, डीएसपी अजाक राजेश मिश्रा आदि शामिल थे।

राहतगढ़ ओवर ब्रिज और कबूला पुलिस पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट
डीएसपी संजय खरे ने बताया कि वैशाखी और अंबेडकर जयंती को देखते हुए भगवानगंज क्षेत्र में वाहनों के आवागमन को डायवर्ट किया गया है। खरे के अनुसार कबूला पुल से अंबेडकर मूर्ति की तरफ जाने वाला रास्ता सुबह 9 बजे से पूरी तरह ब्लाॅक कर दिया जाएगा। जिन्हें भगवानगंज की तरफ जाना होगा, वे गुलबिया गोदाम-स्टेशन रोड होकर आएंगे-जाएंगें। इसी तरह भगवानगंज क्षेत्र हैवी वाहनों का ट्रैफिक नहीं बढ़े। इसलिए राहतगढ़ ओवर ब्रिज से भगवानगंज की तरफ दो पहिया को छोड़कर सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। अंबेडकर मूर्ति के बाजू में पेट्रोल पंप वाली लेन दो पहिया वाहनों के लिए अप्सरा टॉकीज की तरफ आने-जाने के लिए खुली रहेगी।

संयुक्त कलेक्टर से लेकर एसडीएम और तहसीलदारों को दी 12 स्थानों की जिम्मेदारी
सागर | अंबेडकर जयंती का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से हो जाए, इसके लिए प्रशासन ने संयुक्त कलेक्टर से लेकर एसडीएम, तहसीलदार अौर नायब तहसीलदार को विभिन्न जगहों की जिम्मेदारी दे दी है। अपर कलेक्टर प्रभा श्रीवास्तव ने आदेश जारी कर 12 स्थानों पर विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। संयुक्त कलेक्टर डॉ. सीपी पटेल को मोतीनगर थाना क्षेत्र, सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश रावत को अंबेडकर प्रतिमा के पास होने वाले मुख्य कार्यक्रम, एसडीएम एलके खरे को कटरा पुलिस चौकी, तहसीलदार मानवेंद्र सिंह को विट्ठल नगर से भगवानगंज तक, नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह ठाकुर को तुलसीनगर वार्ड से भगवानगंज तक एवं राजेश कोष्टी को संत रविदास मंदिर क्षेत्र की जवाबदेही दी गई। इसके अलावा 6 कार्यपालिक दंडाधिकारियों को भी अलग-अलग क्षेत्र की कमान सौंपी गई। इनमें विनय मूर्ति शर्मा, प्रेमनारायण सिंह, डॉ. अजेंद्रनाथ, डॉ. राकेश अहिरवार, केडी पनिका एवं ओपी त्रिवेदी को भी विभिन्न थाना क्षेत्र दिए गए हैं।

शाम को पुलिस ने दिखाई ताकत
शाम को शहर की पुलिस ने विभिन्न मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस के जवान और एंटी रायट स्क्वॉड वाली गाड़ियां मुख्य बस स्टैंड से तीन बत्ती, मोतीनगर, भगवानगंज, सदर क्षेत्र तक पहुंचे। इधर पुलिस ने भगवानगंज वार्ड में अंबेडकर की प्रतिमा के चारों तरफ पुलिस का पहरा बैठा दिया है। यह पहरा आगामी 24 घंटे तक जारी रहेगा। एडिशनल एसपी सिंह का कहना है कि हम लोग लगातार आयोजन मंडल के संपर्क में है। उन्हें बार-बार स्पष्ट किया गया है कि वे तुलसीनगर, गुरुगोविंदसिंह समेत अन्य आसपास के वार्ड से छोटी-छोटी झांकिया लेकर भगवानगंज चौराहे पर आएंगे। यही पर बाबा साहब की जयंती का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।

खबरें और भी हैं...