राहतगढ़ मंडी में 5 लाख रुपए के गेहूं से भरा ट्रक चोरी गया
सागर | राहतगढ़ कृषि उपज मंडी में गुरुवार की रात गेहूं से लदा एक ट्रक चोरी चला गया। ट्रक में 500 बोरी यानी 250 क्विंटल गेहूं भरा था। दो हजार रुपए की दर से यह गेहूं पांच लाख रुपए का होता है। यह गेहूं मंडी में खुले सरकारी खरीदी केंद्र का था। पुलिस के अनुसार ट्रक का ड्राइवर गेहूं से लदे ट्रक को मंडी परिसर में खड़ा कर गया था। शुक्रवार सुबह जब वह पहुंचा तो ट्रक गायब था। इस मामले में खरीदी केेंद्र के प्रभारी ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया है। मामले की जांच कर रहे राहतगढ़ थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि जिसने यह चोरी की है, वह ट्रक के खड़े होने से लेकर उसे गायब करने तक की लगातार रैकी कर रहा हाेगा, क्योंकि यह ट्रक मंडी में खड़े अन्य ट्रकों के बीच से निकाला गया, और इसकी किसी को खबर तक नहीं हुई। साहू के अनुसार आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। मुमकिन है कि उनसे कोई सुराग मिल जाए। मंडी में कैमरे लगे नहीं है अन्यथा आरोपी को पकड़ने और माल बरामद करने में मदद मिल जाती।