सेकंड हैंड बाइक, कार, मोबाइल आदि बेचने वाली कंपनी अोएलएक्स को लेकर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार सस्ता आईफोन बेचने के नाम पर कुछ लोग फर्जी सैन्यकर्मी बनकर लोगों से ठगी कर रहे हैं।
ये लोग खुद को सीआरपीएफ, सीआईएसएफ समेत विभिन्न सैन्य बलों का कर्मचारी बताते हैं। फिर झांसे में लेकर लोगों से पे-टीएम के जरिए रकम ठग लेते हैं। बीते दिनों शहर में इस तरह के कुछ मामले सामने आए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।
ऑनलाइन साइट्स पर महंगे सेकंड हैंड मोबाइल सेट्स बेचने के नाम पर की जा रही है ठगी
फोन के बिल से लेकर कोरियर करने तक की फोटो भेजते हैं
पुलिस के अनुसार औसतन 10-15 हजार रुपए तक की ठगी करने वाले ये लोग खरीदार को झांसे में लेने के लिए संबंधित फोन का बिल से लेकर उसे कोरियर करने तक की फोटो भेजते हैं। लेकिन जब संबंधित कोरियर कंपनी के स्थानीय डिलीवरी पाइंट पर संपर्क करो तो वहां कुछ नहीं पहुंचता। भगवानगंज क्षेत्र के प्रशांत सूर्यवंशी के साथ बीते दिनों इसी तरह की ठगी हुई। उसे विक्रम वाघमारे नाम के युवक ने अपना आईफोन करीब 20 हजार में बेचने का ऑफर दिया। प्रशांत ने सौदा पटने के बाद उसे 7 हजार रुपए भेज दिए। लेकिन युवक ने उसे फोन नहीं भेजा। उलटा 2 हजार रुपए और भेजने के साथ-साथ परिवार के बाकी लोगाें की भी आईडी भेजने की बात की। रकम वापस करने का तकादा करने पर विक्रम ने प्रशांत को गालियां देकर फोन रिसीव करना ही बंद कर दिए।
अॉनलाइन साइट्स से वन-टू-वन खरीदी में होशियार रहें : एडिशनल एसपी रामेश्वरसिंह का कहना है कि ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स पर यूज्ड वस्तुओं के खरीदार-बेचवार के बीच वन-टू-वन सौदा होता है। ऐसे में लोगाें को अतिरिक्त सावधानी बरतना चाहिए। दूर किसी शहर में बैठा व्यक्ति अपना सामान इतने सस्ते में क्यों बेच रहा है, पहले ये जानने की कोशिश करना चाहिए। जब कभी भी सौदा करें तो बेचने वाले व्यक्ति से हाथों-हाथ सामान लें। संतुष्ट होने के बाद ही पेमेंट करें।