पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उड़ीसा से किशोरी की शादी रचाने बंडा आए मां बाप, पुलिस ने कराया मुक्त

उड़ीसा से किशोरी की शादी रचाने बंडा आए मां-बाप, पुलिस ने कराया मुक्त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नाबालिग को सेवाधाम में छोड़ा, अब होगी उड़ीसा की सीडब्ल्यूसी के सुपुर्द

भास्कर संवाददाता | सागर

चाइल्ड लाइन सागर को उड़ीसा के नयागढ़ जिले से अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसका कहना था कि हमारे गांव की नाबालिग की शादी कराने उसके मां-बाप सागर आए हैं। उसे मुक्त करा दें। इस फोन की जानकारी जैसे ही विशेष पुलिस किशोर यूनिट को मिली तो साइबर सेल की मदद से नाबालिग की खोजबीन शुरू हो गई। पुलिस को नाबालिग बंडा के छापरी गांव में मिली। यहां एक युवक से उसकी शादी कराई जा रही थी। पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम समय पर पहुंच गई। वरना चंद घंटे बाद ही 15 साल की किशाेरी की शादी हो जाती। पुलिस ने उसे मुक्त कराकर सेवाधाम में शिफ्ट कराया। यहां से उसे उड़ीसा की बाल कल्याण समिति को सुपुर्द किया जाएगा।

पुलिस गांव पहुंची तो लड़का पक्ष ने नाबालिग को छिपा दिया : विशेष पुलिस किशोर यूनिट की आरक्षक ज्योति तिवारी व अन्य लाेग जैसे ही छापरी गांव में पहुंचे तो गांव वालों ने पहले तो इस शादी संबंध के बारे में अनभिज्ञता जताई। लेकिन खोजबीन करने पर पुलिस को एक परिवार मिल गया। जहां शाम को शादी कार्यक्रम था। पुलिस कोई कार्रवाई करती, इसके पहले किशोरी के मां-बाप और लड़का पक्ष ने उसे छिपा दिया। लेकिन पुलिस ने उसे घर से कुछ दूर एक घूरे के पास ढूंढ लिया।

मुझे नहीं करना शादी, मां-बाप के साथ भी नहीं जाऊंगी : पुलिस को देखते ही किशोरी एक दुभाषिया की मदद से बोली कि मुझे शादी नहीं करना है। मैं अपने मां-बाप के साथ भी नहीं जाऊंगी। इधर उसके मां-बाप एक ही जिद पर अड़े थे कि वह शादी करके ही उड़ीसा लौटेंगे। जब पुलिस ने उन्हें नियम-कानून और सजा के बारे में बताया तो वे किशोरी को चाइल्ड लाइन के हवाले करने को राजी हो गए। पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। पुलिस को गांव में दुभाषिया इसलिए आसानी से मिल गया क्योंकि यह भूमिका निभाने वाली लड़की भी कुछ साल पहले उड़ीसा से बंडा आई थी।

खबरें और भी हैं...