इन दिनों शहर का पारा तेजी से बढ़ रहा है। हालत यह है कि रात 11 बजे तक भी हवा में ठंडक नहीं आ पाती। इसके चलते लोग दिन के साथ रात में भी गर्मी से परेशान हैं।
शनिवार को भी शहर खूब तपा। दिन में तेज धूप से पारा 43.3 डिग्री पहुंच गया। रात का तापमान भी बढ़ा है। सुबह साढ़े आठ से शाम पांच बजे तक शहर धूप से तपा। दोपहर 12 बजे से पहले ही तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया था।
इसके बाद दोपहर ढाई बजे पारा 43.3 डिग्री पर पहुंच गया। शनिवार को रात का तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 0.2 डिग्री का इजाफा हुआ। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में लगातार तापमान में बढ़त होने का अनुमान लगाया है। इस दौरान पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। लू चलने की भी आशंका है।
मई की शुरुआत से मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है। तापमान में यह अस्थिरता प्रदेश के आसपास बने ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण हो रही है। चक्रवात के चलते पिछले दिनों से हो रही तापमान में कमी से अब राहत नहीं मिलेगी क्योंकि इसका असर कमजोर हो गया है।
आगे क्या
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. डीपी दुबे ने बताया मई में अब तक प्रदेश के आसपास दो चक्रवात बन चुके हैं। चक्रवात के चलते पिछले दिनों से हो रही तापमान में कमी से अब राहत नहीं मिलेगी क्योंकि इसका असर कमजोर हो गया है।