रमझिरिया के पास रहने वाली युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट
भास्कर संवाददाता | सागर
गोपालगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती का पोद्दार कॉलोनी में रहने वाला एक युवक राजदीप पाठक अक्सर पीछा किया करता था।यह सिलसिला 6 महीने से चल रहा था।
इस युवक को जहां भी मौका मिलता तो वह युवती पर भद्दे कमेंट्स करने लगता। तंग आकर युवती ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई तो यह युवक भड़क गया और गुरुवार की रात 12 बजे युवती के घर पहुंचा और उसके घर के बाहर गालियां देते हुए छेड़छाड़ कर दी। गोपालगंज पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर आरोपी युवक राजदीप और उसके साथी मोनू ठाकुर निवासी बैंक कॉलोनी थाना गोपालगंज के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया है।
घर के बाहर आकर गालियां दी और हाथ पकड़ा : युवती का कहना है कि रात के करीब 12.20 बजे राजदीप अपने साथी मोनू के साथ आया। उसने मेरे घर के बाहर मुझे गालियां देना शुरू कर दी। मैं बाहर आकर विरोध जताया तो वह उसने बुरी नीयत से मेरा हाथ पकड़ा। इसी बीच मेरी मां और मामाजी आ गए। उनके आते ही ये दोनों युवक वहां से भाग निकले। युवती का कहना है कि युवक मुझसे जबरदस्ती बातचीत करना चाहता था। मेरे द्वारा कोई रिस्पांस नहीं देने पर वह मुझे जान से मारने की धमकी देने लगा। अगर बीती रात मेरे परिजन नहीं आते तो वह मेरे साथ गंभीर मारपीट की घटना कर सकता था। पुलिस ने युवती रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।