गेहूं देने में जिले के किसानों का रुझान बढ़ा
सागवाड़ा। शहर में गौरेश्वर रोड पर स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति में राज्य सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की व्यवस्था शुरू की गई है।
जहां गेहूं देने में क्षेत्र के किसानों का रुझान बढ़ता दिख रहा है। एक अनुमान के मुताबिक रोजाना 150 क्विंटल से ज्यादा गेहूं की तुलाई हो रही है। जिसके बदले सरकार द्वारा प्रति क्विंटल निर्धारित राशि किसान के बैंक खाते में डाली जाएगी। समिति के सहायक व्यवस्थापक कमल दवे ने बताया कि गत 11 अपै्रल से खरीद केंद्र शुरू हुआ है। जिसमें अब तक 27 किसानों का 1300 क्विंटल गेहूं आ चुका है। आगे 15 जून तक समिति पर गेहूं की खरीदी शुरू रहेगी। मालूम हो कि यहां सरकारी खरीद केंद्र पर 1735 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से अच्छी गुणवत्ता वाले गेहूं लिए जाए रहे। वहीं बाजार में व्यापारी काफी कम कीमत दे रहे हैं। इसे देखते हुए सहकारी समिति पर अपने गेहूं देने में किसानों की भीड़ लग रही है।
गेहूं देने से पहले रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य
क्रय-विक्रय सहकारी समिति में गेहूं देने से पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य किया गया है। गेहूं देने से पहले किसान को ई-मित्र पर जाकर खसरा गिरदावरी रिपोर्ट, आधार कार्ड, भामाशाह कार्ड व बैंक खाते की जानकारी देते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। साथ ही इन दस्तावेजों की फोटो कॉपी और भरे गए रजिस्ट्रेशन फार्म की हार्ड कॉपी समिति में जमा कराने के बाद गेहूं तुलाई के लिए नंबर अलॉट किए जाएंगे। बुधवार तक 180 किसान रजिस्ट्रेशन करा चुके थे।
क्रय-विक्रय सहकारी समिति में 8 दिन में 1300 क्विंटल गेहूं आ चुका है,15 जून तक चलेगी खरीदी
सागवाड़ा. क्रय-विक्रय सहकारी समिति पर गेहूं की तुलाई कराने पहुंचे किसान।