चितरी गांव के काकरा डूंगरा में दो भाइयों के केलूपोश मकानों में आग
गलियाकोट। ग्राम पंचायत चितरी अंतर्गत काकरा डूंगरा में दो भाइयों के मकानों में मंगलवार को अचानक आग लग गई। इससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। वहीं मकान के पीछे पशुघर में बंधी भैंसें भी झुलस गई। टैंकरों और दमकल की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दोनों मकान चितरी-रातडिय़ा मुख्य मार्ग के किनारे स्थित होने से बड़ी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। घटना के वक्त घर के लोग खेतों में गए हुए थे। नाथूलाल और लालू पुत्र बदिया डेंडोर के मकानों में आग की लपटें उठते देखकर लोगों ने सरपंच कमला डेंडोर को सूचना दी। जिस पर उन्होंने पुलिस, पटवारी व डिस्कॉम को सूचना देने के साथ ही आग बुझाने के लिए टैंकरों को मौके पर भेजा। हालांकि सूचना मिलने पर सागवाड़ा नगरपालिका से निलेश पाटीदार, ममता पाटीदार सहित स्टाफ भी दमकल लेकर आ गए। दोनों मकान के पीछे पशुघर में बंधी हुई चार भैसों को आग ने चपेट में ले लिया। जिसमें एक भैंस की हालत गंभीर है। पशु चिकित्सक डॉ. धर्म सिंह व कचरूलाल पाटीदार की टीम द्वारा झुलसी भैसों का इलाज किया गया। पटवारी द्वारा बनाए गए मौका पर्चा अनुसार आग लगने से करीब दस लाख रुपए का नुकसान होने का आंकलन किया गया।