उद्यमियों ने सुरक्षा को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन
सागवाड़ा| बांसवाड़ा रोड पर स्थित रीको इंडस्ट्रीयल एरिया की औद्योगिक समिति ने सोमवार को ज्ञापन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। समिति के अध्यक्ष नानालाल दर्जी के नेतृत्व में एसडीएम गोपाल लाल स्वर्णकार को एसपी के नाम ज्ञापन देकर बताया कि शहर से दो किमी दूर स्थित रीको इंडस्ट्रीयल एरिया हर तरह से अभावग्रस्त है। यहां 10 फैक्ट्रियों में तीन हजार से अधिक श्रमिक काम करते हैं। जिसमें स्थानीय एवं बाहरी कामगार रोजगाररत हैं। ज्ञापन में बताया कि विगत लंबे समय से आए दिन स्थानीय क्षेत्रवासियों एवं औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों के बीच मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से भय का माहौल बन गया है।
आपसी विवाद के चलते कई बार फैक्ट्री मालिकों के साथ भी अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई है। असामाजिक तत्व क्षेत्र के कामगारों से अकारण झगड़े की नियत से उलझते हैं। ऐसे में इस ओर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई कराने की मांग करने के साथ ही रीको क्षेत्र में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित कराने की आवश्यकता जताई।