पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जीप में आए 8 युवकों ने ओबरी में दुकानदार से की मारपीट, नौकर को भी ईंटें मारी, भीड़ जुटी तो भागे

जीप में आए 8 युवकों ने ओबरी में दुकानदार से की मारपीट, नौकर को भी ईंटें मारी, भीड़ जुटी तो भागे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| डूंगरपुर/ओबरी

बोलेरो जीप में ओबरी के पास गोठ खाने आए राजपूत समाज के 8 युवकों ने कस्बे में एक दुकानदार और उसके नौकर से मारपीट की। मौके पर भीड़ जमा हुई तो ये युवक अपने वाहन में बैठ कर भाग निकले, लेकिन एसपी शंकरदत्त शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने नाकेबंदी की और आखिर इन युवकों को दोवड़ा पुलिस ने देवसोमनाथ की ओर तेज गति से भागते पीछा कर पकड़ा। फिलहाल युवकों को थाने में रखा गया है।

दरअसल, ओबरी कस्बे में मंगलवार को दोपहर बाद करीब 4 बजे के आसपास कुछ युवक बोलेरो जीप में भर कर आए और एक चौराहे पर खड़े होकर पान का गल्ला ढूंढ रहे थे। इन युवकों ने शराब पी रखी थी। पास में ही एक पत्थर स्टोन का गोदाम था, जहां पर हिमांशु कलाल नाम का युवक खड़ा था, जिसे इन युवकों ने पान के गल्ले को लेकर पूछताछ की। इसी दौरान इन युवकों में से एक युवक, जिसने ज्यादा ही शराब पी रखी थी, गाली-गलौच करने लगा। पहले तो ओबरी निवासी हिमांशु कलाल ने उसे समझाने का प्रयास करते हुए दूसरे युवकों से कहा कि इसे समझाओ, लेकिन दूसरे युवक भी अपने साथी युवक के पक्ष में होकर गालियां देने लगे। इस बीच हिमांशु ने ज्यादा गाली देने वाले युवक को एक थप्पड़ जड़ दिया। इतना होते ही दूसरे सभी युवकों ने एक साथ हमला बोल दिया।

बीच-बचाव में आए नौकर प्रभाशंकर के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। पास में ही पत्थर और ईंटे पड़ी थी, जिसे उठाकर कुछ युवक ले आए और ईंटों और पत्थरों से ही हिमांशु और प्रभाशंकर की पिटाई करने लगे। दूसरी ओर, मारपीट होते देख आसपास के दुकानदार और ग्रामीण दौड़े तो ये युवक भी भाग कर गाड़ी में बैठे और भाग निकले।

दूसरी ओर, एसपी शंकरदत्त शर्मा सभी थानाधिकारी और सीओ की मीटिंग ले रहे थे, तभी सूचना आई कि ओबरी में कुछ अज्ञात युवक डकैती की कोशिश कर रहे हैं और मारपीट कर भागे हैं। तत्काल ही एसपी शर्मा ने सभी को निर्देश दिए और पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। दोवड़ा में पकड़े गए।

घायल हुआ नौकर प्रभाशंकर और दुकानदार हिमांशु कलाल।

जबरन मांगने लगे थे सिगरेट और गुटखा

दूसरी ओर, उदयपुर जिले के पहाड़ा निवासी ये सभी युवक ओबरी के युवक हिमांशु से जबरन सिगरेट और गुटखा मांगने लगे थे। इसी बात को लेकर आपस में बहस हो गई। हिमांशु ने बताया कि एक साथ ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, पास में ही पत्थर के टुकड़े पड़े थे, उसे उठकर मारने लगे थे। वहीं ग्रामीणों और पुलिस चौकी की मदद से दोनों युवकों को स्थानीय हॉस्पिटल में ले गए, लेकिन बाद में वहां से सागवाड़ा के लिए रैफर कर दिया गया है। उदयपुर जिले के पहाड़ा निवासी फतेहसिंह, जितेंद्रसिंह, लालसिंह, दिलीपसिंह, निर्भयसिंह, करणसिंह, लक्ष्मणसिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी कुल 8 बताए जाते हैं।

सभी युवकों को पकड़ लिया गया है। ये युवक उदयपुर जिले के पहाड़ा नामक गांव के हैं। ओबरी में मारपीट कर भाग रहे थे, जिन्हें नाकाबंदी कर दोवड़ा थाना क्षेत्र में पकड़ा है। इस मामले में पूछताछ जारी है। - अनिल मीणा, डीएसपी सागवाड़ा

खबरें और भी हैं...