सागवाड़ा. डूंगरपुर में एसपी को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने की मांग ।
भास्कर संवाददाता|सागवाड़ा
ठाकरड़ा में सिद्धनाथ महादेव मंदिर के पास गत 6 मई को सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए खुलासा करने की मांग की है। मृतक के भाई बिजावाड़ा निवासी कांतिलाल सहित ग्रामीण और परिजनों ने शुक्रवार को एसपी शंकरदत्त शर्मा को ज्ञापन देकर बताया कि कांतिलाल को अपने भाई राजेश उर्फ राजू पुत्र जीवा पाटीदार की दुर्घटना होने की वॉट्सएप पर जानकारी मिलने पर वह मौके पर जाने निकला तो रास्ते में ठाकरड़ा निवासी अनिल पुत्र हीरालाल पाटीदार और नरेश पुत्र डूंगर पाटीदार कांतिलाल की बाइक ले जाते हुए दिखे, जिसे मृतक राजेश लेकर गया हुआ था। दोनों से पूछने पर राजेश को एंबुलेंस से सागवाड़ा ले जाना बताया। कांतिलाल के अस्पताल आने से पहले डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया था। ज्ञापन में बताया कि मृतक राजेश ने दो दिन पहले ही अनिल व नरेश द्वारा शराब पीने के लिए पैसे मांगने तथा बाइक के टायर की हवा निकाल कर परेशान करने की बात बताई थी। अनिल व नरेश के घटना के समय साथ होने एवं घटना के बाद उनके द्वारा ही प्रथम सूचना वाट्सएप पर डालने सहित अन्य कई संदिग्ध गतिविधियों से राजेश की हत्या कर देने का अंदेशा जताया। एसपी ने मामले में निष्पक्ष जांच करने के लिए आश्वस्त किया। वहीं मामले की जांच डीएसपी अनिल मीणा को सौंपी है। इसके बाद सागवाड़ा आकर डीएसपी से भी मुलाकात की। डीएसपी ने मामले की हर पहलू से जांच कर जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया।