पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गायब मिले करीब 10 पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति लगाई

गायब मिले करीब 10 पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति लगाई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर

शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के बाद अब रात के समय थाने, चौकियों और नाकाबंदी पर पुलिस कितनी सतर्क है, उसके हाल शनिवार आधी रात एसपी शंकरदत्त शर्मा ने देखे। एसपी ने पुलिस कंट्रोल रूम, पुलिस लाइन सहित 5 पुलिस थाने, 7 चौकियां और बोर्डर के इलाके देखे। कई जगह पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब थे तो कुछ जगह पर पुलिसकर्मी सोते हुए मिले।

करीब 5 घंटे तक एसपी जिले के अलग-अलग थाने, चौकियां, नाकाबंदी प्वाइंट, बोर्डर एरिया के साथ ही एटीएम, पेट्रोल पंप की जांच की तो कई जगह पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। एसपी शंकरदत्त शर्मा ने निर्देश दिए थे कि रात को थानाधिकारी स्वयं सशस्त्र जवानों के साथ नाकाबंदी के साथ ही गश्त पर रहेंगे। जिले के सभी एटीएम, पेट्रोल पंप की भी जांच करेंगे। रात करीब 12 बजे एसपी पुलिसकर्मियों की सर्तकता को जांचने के लिए निकले, तब उन्हें कई जगह गड़बड़ियां मिली।

रात 12 से सुबह 3 बजे तक देखी पुलिस की सतर्कता

1. रात 12 बजे : पुलिस कंट्रोल रूम में 2 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे, लेकिन इंचार्ज सहित 3 कम्प्यूटर ऑपरेटर गायब मिले। एसपी ने तीनों की अनुपस्थिति लगा दी। लापता अफसर सहित 4 पुलिसकर्मियों ने एसपी के बंगले पर आमद करवाई।

2. रात 12.15 बजे : पुलिस लाइन का निरीक्षण। वायरलेसकर्मी गायब मिला। पुलिसकर्मी नींद में थे।

3. रात 12.30 बजे : बिलड़ी नाकाबंदी प्वाइंट। यहां पर एक अफसर सहित 7 जवान तैनात थे। सशस्त्र गार्ड लगा हुआ था। हर आने-जाने वाली गाड़ी की चेकिंग हो रही थी, लेकिन और भी सर्तकता के निर्देश। ऊपर गांव चौकी का भी निरीक्षण। डीएसपी माधोसिंह सोढ़ा, सीआई मनोज सामरिया उनके साथ थे।

4. रात 12.50 बजे : दोवड़ा थाने पर मौजूद पुलिसकर्मी नींद में थे। एक टीम रात्रि गश्त पर थी, लेकिन नाकाबंदी सही तरीके से नहीं थी। देवसोमनाथ चौकी के साथ ही बोर्डर क्षेत्र को देखा। इसके बाद पुनाली में दुकानें खुली थी, जिसे बंद करवाया। बनकोड़ा चौकी का निरीक्षण किया।

5. रात 1.35 बजे : आसपुर थाने पहुंचे। कस्बे में आधी रात को कुछ दुकानें खुली हुई थी, जिन्हें बंद करवाया गया। इसके बाद साबला चौकी का निरीक्षण किया।

6. रात 2.05 बजे : निठाउवा थाने पहुंचे। रात्रि गश्त देखी और फिर प्रतापगढ़ जिले का बोर्डर एरिया देखा। थानाधिकारी से क्षेत्र में डोडा पोस्त जैसी तस्करी की रोकथाम पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

7. रात 3.15 बजे : सरोदा चौकी का निरीक्षण किया। इसके बाद सागवाड़ा थाने पहुंचे। नाकाबंदी, गश्त व्यवस्था देखी। इसके बाद चितरी थाना सहित चौकियां का निरीक्षण करते हुए सुबह करीब 5 बजे वापस मुख्यालय पर पहुंचे।

5 थानों, 7 चौकियों पर आधी रात पहुंचे एसपी, गायब और सोते मिले पुलिसकर्मी

एटीएम लूट की घटनाएं, फिर भी सुरक्षा इंतजाम नहीं

1. कोतवाली : क्षेत्र में 18 एटीएम, 3 पर गार्ड ही नहीं थे। 2 जगह कैमरे नहीं थे तो कुछ जगह खराब पड़े थे। इसके अलावा 9 पेट्रोल पंप हैं। रात 10 बजे बाद बंद हो जाते हैं। कई जगह सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड नहीं।

2. दोवड़ा : 5 एटीएम हैं। रात 10 बजे बाद सभी बंद हो जाते हैं। इसके अलावा 8 पेट्रोल पंप हैं। 2 जगह पर कैमरे बंद हैं और एक जगह पर कैमरे नहीं लगे हुए हैं। 2 पंप पर गार्ड का इंतजाम भी नहीं है।

3. धंबोला : 6 पेट्रोल पंप में से एक पर भी सुरक्षा गार्ड लगा हुआ नहीं है। 2 जगह पर कैमरे भी नहीं लगे हैं। इसके अलावा 7 एटीएम पर सीसीटीवी है, लेकिन 3 पर गार्ड नहीं है।

4. सागवाड़ा : 6 पेट्रोल पंप में से 5 पर चौकीदार ही नहीं है। सीसीटीवी भी कई जगह खराब है। 6 एटीएम में से 1 पर गार्ड नहीं है।

5. आसपुर: 7 पेट्रोल पंप है, जिसमें से 6 पर गार्ड लगे हुए नहीं है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे।

6. वरदा: 2 एटीएम है, जहां गार्ड और कैमरे लगे हैं। सदर थाना क्षेत्र के देवल में एक एटीएम है। वहीं रामसागड़ा क्षेत्र में 1 पेट्रोल पंप है।

बैंक और पेट्रोल पंप प्रबंधक को जाएगी चिट्ठी

जांच में बैंक एटीएम और पेट्रोल पंप पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं मिले। कई जगह पर न तो गार्ड लगे थे और न ही सीसीटीवी कैमरे थे। ऐसी सूरत में हादसे के बाद कार्रवाई में भी परेशानी रहती है। ऐसे में पुलिस सुरक्षा इंतजाम बिना वाले एटीएम के बैंक प्रबंधन और पेट्रोल पंप संचालकों को एक चिट्ठी लिखी जाएगी।

रात को थाने, चौकियां, कंट्रोल रूम, पुलिस लाइन के अलावा नाकाबंदी प्वाइंट, गश्त का निरीक्षण किया था। कुछ जगह पर कमियां मिली है। करीब 10 पुलिसकर्मी गायब भी मिले थे, जिनकी अनुपस्थिति लगाई गई है। पेट्रोल पंप और एटीएम की सुरक्षा की जांच भी करवाई गई, कई जगहों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, जिस पर पालना के लिए लिखा जा रहा है। - शंकरदत्त शर्मा, एसपी, डूंगरपुर

खबरें और भी हैं...