वरदा में लोक अदालत में हाथोंहाथ समाधान
सागवाड़ा| वरदा गांव में राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन बुधवार को हुआ। शिविर में लोगों की समस्याओं का हाथों हाथ निबटारा किया गया।
शिविर में राजस्व संबंधित बंटवारा, आबादी भूमि परिवर्तन, नाम संशोधन, पेंशन, पालनहार, नरेगा, आधार सिडींग जैसी सम्स्याओं का समाधान किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा सरकारी कार्यालयों के बीच पानी की अनुपयोगी जर्जर टंकी से हादसे की संभावना जताने पर जिला कलेक्टर राजेंद्र भट्ट ने जलदाय विभाग के जेईएन दिलीप भागरिया को समस्या का निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। मोरन नदी के किनारे बसे वरदा गांव की सुरक्षा के लिए केवल 300 मीटर रिंगवाल बनी होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी एईएन जयशंकर पंड्या को बची हुई रिंगवाल से संबंधित विस्तृत जानकारी तीन दिन में पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही डूंगरपुर मुख्य सड़क पर जर्जर पुलिया को सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पूरे यादव मोहल्ले का अपशिष्ट पानी भरत यादव के निजी खेत में जा रहा है। इससे खेत अनुपयोगी हो रहा है। गंदे पानी की समुचित निकासी को लेकर एसडीएम गोपाललाल स्वर्णकार, बीडीओ मुलाराम सोलंकी को शनिवार को गांव में बैठक लेकर समाधान के निर्देश दिए। शिविर के दौरान उज्ज्वला योजना में 5 लाभार्थियों को गैस कनेक्शन वितरित किए गए। इस अवसर पर सरपंच बंसती देवी रोत, उपसरपंच तेजप्रकाश मोडपटेल, एवीवीएनएल ग्रामीण एईएन विनोद दोसी, पटवारी जागृती पाटीदार, प्रहलादसिंह, तेजसिंह, गिरदावर नरेंद्र सिंह, महेश कलाल, अनिल सिंह,बंशीलाल आमलिया, डीलर राजेश जैन, कुशल भोई सहित अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
वरदा शिविर में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी को गैस कनेक्शन देते कलेक्टर व अन्य।