भास्कर न्यूज | सहसपुर लोहारा
मुख्यमंत्री के विकास यात्रा के मुख्य मंच के लिए सोमवार को प्रशासन ने पुराने श्मशान भूमि की ही खोदाई करा दी। इस स्थान पर कई समाज के लोगों के पुरखों की स्मृतियां हैं। जब श्मशान भूमि पर खोदाई शुरु हुई, तो इसके भीतर से कंकाल निकलने लगे। हालांकि, इसके बाद भी खोदाई जारी रही।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 30 मई को विकास यात्रा के अंतर्गत सड़क मार्ग से सहसपुर लोहारा पहुंचेंगे। इसके लिए प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है। विकास यात्रा के दौरान सभा के लिए मंच निर्माण की प्रक्रिया शुरु की गई है। यह निर्माण लोहारा के नए बस स्टैंड के पीछे श्मशान भूमि के हिस्से में किया जा रहा है। इसी हिस्से की सोमवार को खोदाई शुरु कर दी गई। पोकलेन के जरिए जब खोदाई की गई, तो इस भूमि से बड़ी मात्रा में कंकाल निकलने लगे। अब इस मामले में जोगी कांग्रेस ने तत्काल खोदाई पर रोक लगाने की मांग की है। जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की है कि यह पुरानी श्मशान भूमि है, इसलिए विकास यात्रा का मंच कहीं और बना लिया जाए और इस स्थान को छोड़ दें।
सहसपुर लोहारा में मंच बनाने के लिए खोदाई के बाद निकले कंकाल।
फरवरी में भी बना दिया था हेलीपेड, हुआ था विरोध
इससे पहले भी मुख्यमंत्री फरवरी महीने में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने लोहारा पहुंचे थे। तब भी इसी श्मशान भूमि को हेलीपेड बना दिया गया था। इसका भी स्थानीय एनएसयूआई के नेताओं ने विरोध किया था और तहसीलदार को तीन बार ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन एक बार फिर इसी जमीन का चयन सीएम की सभा के मंच निर्माण के लिए चुना गया है।