साहेबगंज 62, राजमहल 66 व बरहरवा में 74 फीसदी मतदान
साहेबगंज|नगर निकाय चुनाव साहेबगंज जिला अंतर्गत तीनों निकायों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। साहेबगंज जिले के तीनों सीटों में मतदान की प्रतिशत इस प्रकार रहा है। साहेबगंज नगर परिषद में 62 प्रतिशत, राजमहल नगर पंचायत में 66 प्रतिशत, बरहरवा नगर पंचायत में 74 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के साहेबगंज नगर परिषद, राजमहल नगर पंचायत व बरहरवा नगर पंचायत के कुल 100 बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण कराया गया। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लगाए गए थे। वहीं दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई थी। चुनाव कार्य में 700 से अधिक मतदानकर्मी लगे थे। देर रात तक स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करने के लिए मतदानकर्मियों की भीड़ लगी रही। उपायुक्त ने बताया कि केवल दो मतदान केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार ईवीएम को बदला गया। साहेबगंज नगर निकाय के वार्ड संख्या 24 बूथ संख्या 1 एवं बरहरवा नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14 बूथ संख्या 2 ईवीएम बदला गया। मौके पर डीडीसी नैन्सी सहाय, एसी अनमोल कुमार सिंह, डाइरेक्टर एनईपी मंजुरानी स्वांसी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी कानूराम नाग, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी प्रभात शंकर उपस्थित थे। राजमहल नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी जागरूकता दिखी। कई बूथों में शाम पांच बजे के बाद भी लंबी कतार लगी रही।