आज सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह एवंं पुलिस अधीक्षक धनंजय कुमार सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एव पुलिस पदाधिकारियों को नगरपालिका चुनाव के सफल संचालन के लिए रविवार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित ज्वाइंट ब्रीफिंग में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त साहेबगंज संदीप सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने साथ संबंधित पदाधिकारी और मतदान केन्द्र में प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारी मतदानकर्मियों का मिलान करेंगे। इवीएम के साथ क्लस्टर पर सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस पदाधिकारी, पोलिंग पार्टी स्टेडियम से वाहन लेकर ससमय प्रस्थान करेंगे। एक साथ तीन पद के लिए मतदान किए जा रहे हैं। उपायुक्त श्री संदीप सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर यह सुनिश्चित करेंगे कि कल सुबह सभी पोलिंग पार्टी अपने मतदान केन्द्र पर सुबह 5 बजे तक पहुंच जाएं। सभी सेक्टर सुबह 6 बजे मॉक पोल किया जाना सुनिश्चित करेंगे। प्रातः 7 बजे से पोलिंग शुरू की जानी है। सभी सेक्टर दंडाधिकारी सुबह 9 बजे 11 बजे, अपराह्न एक बजे, अपराह्न 3 बजे एवं अपराह्न 5 बजे मतदान का प्रतिशत की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेंगे। इस संबंध में सभी पीठासीन को पूर्व में ही जानकारी उपलब्ध कराएंगे। मतदान केन्द्र के 100 मीटर के दायरे के अंदर निषेधाज्ञा लागू रहेगी। कोई भी वाहन के आवागमन की अनुमति नहीं होगी। 100 मीटर के दायरे के बाहर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार के लिए केवल तीन वाहन का प्रयोग कर सकते हैं जिसकी अनुमति पूर्व में ली गई हो। वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार केवल एक वाहन का उपयोग कर सकते हैं। उपायुक्त संदीप सिंह ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान अपने संबंधित मतदान केंद्रों का कम से कम दो बार अवश्य भ्रमण करेंगे। जितने भी वोटर 5 बजे तक पंक्तिबद्ध हो जाएंगे उनकी वोटिंग सुनिश्चित की जानी है। पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह ने सभी पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि जो भी रुट चार्ट बनाया गया है, उसका अक्षरशः पालन करेंगे। इसमे कोताही करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर प्रेक्षक मनोज कुमार, डीडीसी नैंसी सहाय, बबलू मुर्मू, अपर समाहर्ता अनमोल सिंह, जिला योजना पदाधिकारी रामनिवास प्रसाद सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी कानूराम, पुलिस उपाधीक्षक ललन प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल सुनील सिंह, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
आइए चुने शहर की सरकार
साहेबगंज में चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक करते अिधकारी।
उपायुक्त ने किया कोषांगों का निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त साहेबगंज संदीप सिंह ने नगर निकाय चुनाव 2018 के मद्देनजर वाहन कोषांग, इवीएम कोषांग, सामग्री कोषांग का जायजा लिया। उपायुक्त संदीप सिंह ने वाहन कोषांग के वरीय पदाधिकारी अनमोल कुमार सिंह को निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टी एवं मतदानकर्मियों को वाहन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे ताकि ससमय वह अपने संबंधित क्लस्टर एवं मतदान केन्द्र पर पहुंच सके। इवीएम कोषांग के निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने आईटीडीए परियोजना निदेशक बबलू मुर्मू को अपनी देखरेख में सभी मतदानकर्मियों को ईवीएम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। डीसी ने समाहरणालय स्थित निर्वाचन कार्यालय के प्रांगण में पार्टी मिलान का भी जायजा लिया। उन्होंने सामाग्री कोषांग के वरीय पदाधिकारी मंजुरानी स्वांसी को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द मतदान पार्टी को आवश्यक मतदान सामाग्री दें ताकि वह अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर सकें।
चुनाव को लेकर शहर में मार्च करते अधिकारी।
13 मतदानकेद्र संवेदनशील व 27 अतिसंवेदनशील
दुमका नगर निकाय में 19 मतदान केंद्र संवेदनशील ,16 अतिसंवेदनशील, तथा 4 सामान्य मतदान केंद्र हैं, जबकि बासुकीनाथ नगर निकाय में 3 मतदान केंद्र संवेदनशील, 11 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील तथा 4 सामान्य मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर जिला पुलिस बल के अलावा जैप, सशस्त्र पुलिस बल के साथ साथ लाठी बल की कड़ी चैकसी रहेगी । संयुक्त संबोधन के क्रम में उप विकास आयुक्त शशि रंजन ने मतदान कार्य में सम्मिलित सभी कर्मियों से चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया । इससे पूर्व सभी मतदानकर्मियों, सेक्टर पदाधिकारियों एवं पुलिस दंडाधिकारियों को अंतिम नियुक्ति पत्र दिया गया साथ ही उन्हें मतदान कार्य पूरा करने हेतु ईवीएम के साथ साथ सभी आवश्यक प्रपत्र और परिचय पत्र भी दिए गए।
साहेबगंज में आज 91979 मतदाता करेंगे मतदान
साहेबगंज में इवीएम आवंटित करते अधिकारी।
भास्कर न्यूज|साहेबगंज
साहेबगंज जिले के तीनों नगर निकाय में चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारी पूरी कर ली है। 16 अप्रैल को सुबह सात बजे से सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान किया जाएगा। साहेबगंज नगर परिषद में कुल 28 वार्ड के लिए 158 पार्षद पद, 19 अध्यक्ष पद व 13 उपाध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी मैदान में हैं। जिसके लिए कुल 66 मतदान केन्द्र बनाया गया है। साहेबगंज नगर परिषद में कुल 60318 मतदाता हैं, जिसमें 32262 पुरुष मतदाता व 28056 महिला मतदाता हैं।वहीं राजमहल नगर पंचायत में कुल 14 वार्ड के लिए 59 पार्षद पद के प्रत्याशी, 08 अध्यक्ष पद व 05 उपाध्यक्ष प्रत्याशी के लिए मतदान होना है। जिसके लिए कुल 16902 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिसमें 8857 पुरुष मतदाता व 8045 महिला मतदाता हैं। बरहड़वा नगर पंचायत चुनाव में कुल 14 वार्ड के लिए 87 वार्ड पार्षद उम्मीदवार, 07 अध्यक्ष पद व 07 उपाध्यक्ष के उम्मीदवार के लिए मतदान होना है। जिसके लिए 14759 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिसमें 7794 पुरुष मतदाता व 6965 महिला मतदाता हैं। इस चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने पूरे चुनाव क्षेत्र में 24 सेक्टर दंडाधिकारी नियुक्त किए गए जिसमें 6 दंडाधिकारी को सुरक्षित रखा गया है। रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कराने के लिए ईवीएम के साथ कर्मचारियों को रवाना कर दिया गया।
मतदान के लिए रवाना होते मतदानकर्मी।
मधुपुर में छह आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए
देवघर। मधुपुर नगर परिषद आम चुनाव के लिए आयोग के निर्देशानुसार तीन मतदान केंद्रों पर छह आदर्श बूथ बनाए गए हैं। इसके तहत मधुपुर के वार्ड नंबर दो में स्थित संत जोसेफ उच्च विद्यालय के दोनों भाग में बनाए गए मतदान केंद्र, वार्ड नंबर 17 में स्थित नगर पर्षद कार्यालय के दोनों भाग में बने मतदान केंद्र एवं वार्ड नंबर 22 में स्थित महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के दोनों भाग में बने मतदान केंद्र को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। इन सभी मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में चिन्ह्ति किया गया है इन केन्द्रों पर बिजली, शौचालय की व्यवस्था से लेकर कर्मियों व मतदाताओं के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी उपलब्ध है। वहीं मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए बूथ पर आकर्षक पंडाल भी लगाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।