जनसंवाद में शिकायत के बाद जलापूर्ति योजना की हुई जांच
पेयजल स्वच्छता विभाग के संयुक्त सचिव ने मंगलवार को जनसंवाद के समीक्षा दौरान जन शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर गांव में पाइप लाइन से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री जनसंवाद के साप्ताहिक समीक्षा में मंगलवार को संयुक्त सचिव रमाकांत सिंह ने साहेबगंज के शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि बरहरवा प्रखंड के बिशनपुर पंचायत के बिशनपुर गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री जनसंवाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा वर्ष 2016 में पाइप लाइन और पानी टंकी लगाने का काम पूर्ण कर लिया, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी अब तक गांव में पेयजल की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इस बारे में संयुक्त सचिव ने जानना चाहा कि किस कारण से पेयजल आपूर्ति गांव में पाइप लाइन के माध्यम से नहीं हो पा रही है।
इस संबंध में पेयजल एवं कार्य एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार एडमिन ने बताया कि पाइप लाइन का काम एजेंसी द्वारा पूरा कर लिया गया, लेकिन पानी चालू नहीं होने के कारण यह कहीं-कहीं जाम पड़ गया है। जिस कारण बिशनपुर गांव में एक पाइप से पानी सप्लाई हो रही है लेकिन दूसरा पाइप जाम रहने के कारण पानी सप्लाई कई इसाकों में नहीं हो रही है। संयुक्त सचिव ने संज्ञान लेने के बाद कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर पाइप लाइन को साफ करा कर पानी चालू कर दिया जाएगा। अपर समाहर्ता नोडल पदाधिकारी अनमोल सिंह, आईटीडी निदेशक बबलू मुर्मू, राजमहल डीएसपी सुनील कुमार, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार एडमिन, विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मुकेन्द्र सिंह, विनोद तिवारी आदि थे।