पाकुड़|रविवार देर रात नगर थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर चोरी हो जाने से लोगों में भय का माहौल है। चोरों ने नगर थाना से महज एक सौ मीटर दूर थानापाड़ा स्थित संजय टेलीकाॅम की मोबाइल दुकान से लगभग 5 लाख रुपए की संपत्ति चुरा ली। चोरों ने दुकान का शटर काटकर सिर्फ महंगी मोबाइल ही ले गए। सोमवार की सुबह संजय टेलीकाॅम के आसपास मौजूद सैलुन व अन्य दुकानदारों ने दुकान मालिक संजय को शटर खुला होने की जानकारी दी। संजय के अनुसार ईद के त्योहार के मद्देनजर उन्होंने अभी दो दिन पहले ही दुकान के लिए काफी मोबाइल खरीदा था। वहीं दूसरी ओर नगर थाना के बैंक काॅलोनी में अनुपम कुमार के घर का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरों ने लगभग 30 हजार रुपए नगद व अन्य सामान उड़ा ले गए। अनुपम द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार रविवार को शाम तकरीबन 5 बजे वे अपने पैत्रिक घर साहेबगंज गए थे। जहां सोमवार को पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का पिछला दरवाजा टूटा पड़ा है।