साहवा की रोही में एक व्यक्ति का कंकाल मिलने की सूचना पर सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि कंकाल 10 से 15 दिन पुराना है। उसकी शिनाख्त हो गई। पुलिस ने बताया कि कंकाल हनुमानगढ़ जिले के भादरा तहसील के कणाऊ से लापता हुए कृष्णकुमार पुत्र भजनलाल (51) जाट का है। मृतक की शिनाख्त कपड़ों व सामान से उसके पुत्र पुरूषोत्तम ने की। वह कई दिनों गांव कणाऊ से लापता था। परिजनों ने भादरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बताया कि साहवा-कणाऊ के कच्चे रास्ते पर मोहनलाल रूहील के खेत में व्यक्ति का कंकाल मिला। खेत के मालिक ने इसकी गांव के नथूराम सिहाग को सूचना दी। नथूराम की सूचना पर साहवा पुलिस चौकी के प्रभारी बजरंगसिंह व तारानगर एसआई सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। पूछताछ करने व आसपास के थानों पर सूचना देने पर भादरा में दर्ज एक व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज कराने वाले परिजनों को बुलाया। परिजनों ने सामान से कंकाल की शिनाख्त की। पुलिस ने बताया कि कंकाल के पास कीटनाशक की बोतल मिली है, जिससे प्रथमदृष्टया कीटनाशक पीने से मृत्यु होने की संभावना है। कंकाल पर कोई चोट का निशान नहीं है। पुलिस ने सीएचसी में कंकाल का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
खेत में पड़े कंकाल का निरीक्षण करते एसआई।