गांव सारायण की महिलाएं व पुरुष महानरेगा के तहत किए गए काम की मजदूरी का भुगतान पाने के लिए पिछले एक साल से भटक रहे हैं। भुगतान को लेकर अधिकारी भी चक्कर लगवा रहे हैं। शुक्रवार को एसबीआई बैंक के आधार लिंक करवाने पहुंची नरेगा मजदूर महिलाओं ने बताया कि अप्रैल 2017 में मनरेगा के तहत काम किया था, जिसका भुगतान अब तक नहीं मिला है। भुगतान को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं। ग्राम पंचायत में जाने पर वे पंचायत समिति में जाने की बात कहते हैं और पंचायत समिति जाने पर वे बैंक में जाकर आधार कार्ड लिंक करवाने की बात कहकर वापस भेज देते हैं। ग्राम पंचायत में न्याय आपके द्वार शिविर में एसडीएम को भी ज्ञापन देकर मजदूरी का भुगतान करवाने की मांग कर चुके हैं। पिछले एक साल में कभी तारानगर, तो कभी साहवा के कई बार चक्कर लगा चुके हैं। गांव सारायण से चौथी बार आधार लिंक करवाने सुमन देवी,बादू देवी, रूकमणी देवी, रामी देवी, संतोष देवी, भतेरी, कमला देवी, शिलोचना देवी सहित कृष्णनाथ, महेंद्रनाथ आदि शुक्रवार को बैंक पहुंचे। इस संबंध में तारानगर बीडीओ डॉ. मदनलाल बैरवा ने बताया कि पंचायत समिति कार्यालय के कंप्यूटर में इनके आधार लिंक नहीं दिखा रहे। इस बार पंचायत समिति में होने वाली बैठक में मजदूरी भुगतान को लेकर चर्चा की जाएगी।
साहवा. एसबीआई बैंक में आधार लिंक करवाने आई सारायण की महिलाएं।