मेनहोल में भर दिए पत्थर और कचरा, सीवेज नेटवर्क पूरा ठप
बिलासपुर | जगमल चौक से लेकर गुरूनानक चौक तक का मेन रोड पर सीवेज के चेंबर को डमरीकरण के दौरान ढक दिया गया है। इससे सीवेज के काम बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
शहर में निर्माण कार्यों के दौरान सीवेज नेटवर्क को लगातार नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हो रही हैं। जगमल ब्लाक से गांधी प्रतिमा तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से सीवेज का नेटवर्क ध्वस्त हो गया। कई जगहों पर मेनहोल के कवर गायब हो गए हैं, जिसके चलते दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई है। रात के अंधेरे में कोई दुर्घटनाग्रस्त न हो जाए, इसलिए लोगों ने खुले मेनहोल के ऊपर लकडिय़ां लगा रखी हैं। सीवेज प्रोजेक्ट के कार्यों की मानिटरिंग कर रही मार्श प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग ने सड़क चौड़ीकरण करने वाले श्रद्धा कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ठेकेदार से क्षतिग्रस्त नेटवर्क की भरपाई कराने, निर्माण व्यय से वसूली के लिए सीवेज सेल को पत्र लिखा गया है। गांधी चौक से जगमल ब्लाक तक रोड चौड़ीकरण के लिए करीब दो करोड़ का ठेका दिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान नगर निगम के इंजीनियरों की लापरवाही से ठेकेदार के कार्यों का निरीक्षण नहीं किया गया। नतीजतन सीवेज के नेटवर्क को बुरी तरह नुकसान पहुंचा। सीवेज सेल के प्रभारी मनोरंजन सरकार ने कहा है कि ठेकेदार से वसूली के लिए नोटिस दी जाएगी।
10 प्रापर्टी चैंबर और 6 मेनहोल क्षतिग्रस्त
टीम लीडर मार्श प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग ने सीवेज सेल को शिकायत की है कि श्रद्धा कंस्ट्रक्शन द्वारा200 मीटर प्रापर्टी चैंबर लाइन को नुकसान पहुंचाया गया है। बैंक आफ इँडिया से सिंडीकेट बैंक शाखा के बीच 10 नग प्रापर्टी चैंबर, 6 नग मेनहोल के कवर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इससे सीवेज का नेटवर्क आगे की ओर डिस्टर्ब हो गया है। कंसल्टेंट ने ठेकेदार से क्षतिग्रस्त हिस्से की रिपेयरिंग, निर्माण व्यय की वसूली कराने कहा है।