सैलाना के नजदीक पंचायत बोदीना में मनरेगा में बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ। आरोप है कि इस पंचायत की सरपंच के पति ने 300 से ज्यादा मजदूरों की श्रम डायरियां बनाईं, उनकी बैंक पास बुक और एटीएम अपने पास रखे और खातों से राशि निकाल ली। सोमवार को श्रमिकों ने सैलाना थाने में लिखित शिकायत की।
बोदीना पंचायत के भैंसाडाबर की महिलाओं ने बोदीना सरपंच ललिता पाटीदार के पति बद्रीलाल पाटीदार पर 300 पासबुक तथा एटीएम से राशि निकालने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की। आवेदन में बताया बोदीना सरपंच पति बद्रीलाल ने बैंक खाता पासबुक व एटीएम अपने पास रख लिए तथा कर्मचारियों से मिलीभगत कर खातों से राशि निकाल ली। बद्रीलाल ने झांसा देकर भैंसाडाबर के गरीब रहवासियों से कहा प्रधानमंत्री योजना तथा अन्य योजनाओं के लाभ की सहायता राशि खाते में आएगी, सभी खाता खुलवाएं। भैंसा डाबर के समीप हनुमान गली के कंवर लाल खराड़ी, रेशम बाई खराड़ी, राजू बाई मोवई ने बताया 4 वर्ष पहले सैलाना के बैंक ऑफ बड़ौदा में रोजगार गारंटी की मजदूरी राशि दिलाने के बहाने गांव के 300 रहवासियों के खाते खुलवाए थे। सरपंच पति ने सभी की पासबुक एवं एटीएम अपने पास रख लिए। सरपंच के खिलाफ कई बार शिकायत की और एटीएम और पासबुक लेना चाही पर उन्होंने बहाना बनाकर टाल दिया। आरोप है कि सरपंच पति इन खातों से कई बार ट्रांजेक्शन कर चुके हैं। सैलाना थाना प्रभारी माधव सिंह ठाकुर ने बताया हितग्राहियों ने आवेदन दिया है। बैंक से जानकारी निकालने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जांच की जा रही है। ग्राम पंचायत बोदीना के सरपंच ललिता के पति बद्रीलाल पाटीदार ने बताया मैंने सभी को साथ ले जाकर खाते खुलवाए हैं, मुझ पर जो आरोप लगाए हैं वे झूठे हैं। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो जाएगा।