पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अस्पताल में पेड़ के नीचे उपचार कराते मिला रोगी, एसडीएम ने लगाई फटकार

अस्पताल में पेड़ के नीचे उपचार कराते मिला रोगी, एसडीएम ने लगाई फटकार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उपखण्ड मुख्यालय का सरकारी अस्पताल लम्बे अर्से से अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। बुधवार को अस्पताल का अचानक निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम विनोद कुमार मीणा ने चौतरफा अव्यवस्थाएं देखी तो वहां मौजूद चिकित्सक और स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पेड़ के नीचे भर्ती मरीजों को इलाज कराते हुए देखा तो उन्होंने इसके लिए स्टाफ को बुरी तरह डांटा। मीणा ने अस्पताल के रोगी वार्ड से लेकर निशुल्क दवा केंद्र, लेबर रूम, पर्ची काउंटर आदि का गहनता से निरीक्षण किया। आधे घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अस्पताल की बदतर और दयनीय हालत देखकर उपखंड अधिकारी मीणा ने चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए चेताया। इस दौरान रोगियों ने रोगी वार्ड में खराब पड़े हुए कूलर पंखों की अति शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। रोगियों ने बताया कि भीषण गर्मी में वार्ड के अंदर उपचार कराना बीमारी को बढ़ाना है। इसलिए वे अस्पताल परिसर में मौजूद पेड़ों के नीचे इलाज कराने को विवश है।

उपखंड अधिकारी विनोद मीणा ने अस्पताल के अंदर गंदगी देखकर गहरी नाराजगी जताई। एसडीएम जहां भी गए वहां हालात बहुत ही बदतर पाए गए। वार्ड में गंदगी का आलम पसरा हुआ था। वार्ड में बेड सीट काफी गंदी थी। ड्रेसिंग रूम गंदगी से अटा पड़ा था। मरीजों की रजिस्ट्रेशन कक्ष के बाहर लंबी कतार थी। एसडीएम ने अस्पताल प्रभारी डॉ. चरणजीत सिंह चौहान सहित सभी स्टाफ को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल, कंपाउडर शिवकुमार शर्मा समेत अस्पताल स्टाफ मौजूद था।

सैंपऊ. अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए उपखंड अधिकारी विनोद मीणा।

प्रभारी ने बताई संसाधन एवं सुविधाओं की कमी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. चरणजीत सिंह चौहान ने उपखंड अधिकारी विनोद मीणा को जनरेटर की समस्या के साथ अस्पताल में दो चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की कमी से व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी दी। चौहान ने बताया कि गर्मी के सीजन में रोगियों की तादात में भारी इजाफा होने और उसके अनुपात में चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ नहीं होने से उपचार व्यवस्था एवं अस्पताल संचालन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने 2 पर्चा काउंटर की आवश्यकता बताई। वहीं जनरेटर खरीद के लिए बजट नहीं होने से बिजली जाने पर अंधकार और गर्मी के माहौल में रोगियों एवं स्टाफ को होने वाली परेशानी से अवगत कराकर उच्चाधिकारियों से समस्या समाधान कराए जाने की मांग की।

गर्मी में अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था होनी ही चाहिए: मीणा

सैंपऊ उपखंड पर स्थित स्वास्थ्य केंद्र का पहले भी कई बार निरीक्षण हो चुका है। लेकिन हर बार खामियां मिलती है। वहीं अभी भीषण गर्मी को देखते हुए बुधवार को एसडीएम ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जिसमें कई खामियां मिली जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। वहीं उन्हांेने गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने को गंभीर माना एवं स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को इस समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने गर्मी का सीजन में रोगियों की तादाद में भारी इजाफा होने और उसके अनुपात में चिकित्सक और नर्सिग स्टाफ नहीं होने से उपचार व्यवस्था पर भारी असर पड़ता है। जिससे स्वासथ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए एसडीएम विनोद मीणा ने स्वास्थ्य केंद्र की सभी व्यवस्था त्वरित सुधारने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...