पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सैकड़ों हितग्राहियों को कागजों पर ही बांटे गैस कनेक्शन, कई घरों में नहीं दी गई किट

सैकड़ों हितग्राहियों को कागजों पर ही बांटे गैस कनेक्शन, कई घरों में नहीं दी गई किट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जिले के सैकड़ों हितग्राहियों को कागजों में गैस कनेक्शन वितरण करने का मामला सामने आया है। यही नहींं सरकारी रिकॉर्ड में गैस कनेक्शन मिलने का हवाला देकर कई हितग्राहियों को दो साल से मिट्टी तेल का आवंटन नही किया जा रहा है। भास्कर टीम की ग्राम कंतेली, हथमुड़ी, उघरा, डुंडा, किरकी की पड़ताल में 60 से अधिक ऐसे परिवार मिले, जिन्हें कागजों में गैस कनेक्शन का वितरण दिखाया जा रहा है। लेकिन अब तक उनके घरों में गैस कनेक्शन ही नहींं दिया गया है। विभागीय अफसर इसे गैस किट इंस्टाल नहीं किया जाना कहते हैं। ऐसे में इन हितग्राहियों के गैस किट कहां गया, अधिकारी इसका जवाब देने की स्थिति में नही है।

यहां ग्राम किरकी की सरपंच संतोषी हनुमंत साहू की अगुवाई में ग्रामीण विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से खाद्य अधिकारी व गैस वितरक की शिकायत करेंगे। जहां सीएम को गैस वितरक की मनमानी से अवगत कराया जाएगा। नियमानुसार कनेक्शन मिलने के बाद ही सरकारी राशन दुकान से संबंधित हितग्राही को मिट्टीतेल मिलना बंद हो जाता है। ऐसे में आज भी यह परिवार चूल्हे पर भोजन पकाने को मजबूर है। वहीं मिट्टीतेल की व्यवस्था के लिए पड़ोसी या रिश्तेदारों के सामने हाथ फैलाना पड़ता है। इसे देखते हुए यह समस्या जल्द दूर की जाए।

बेमेतरा.े वार्ड-16 परशुराम वार्ड की महिला चमेली बाई कंडरा को नहीं मिली किट।

टारगेट पूरा करने शासन को भेजे जा रहे झूठे आंकड़े

खाद्य विभाग के अनुसार बीते दो सत्र के लक्ष्य को लगभग पूरा कर लिया गया है। एक ओर जहां विभाग की ओर से शासन को भेजी जानी वाली रिपोर्ट पर सवाल खड़े हो रहे है। यहां कागजों में वितरण के अनुपात में धरातल पर परिस्थितियां विपरीत है। अधिकारी टारगेट को पूरा करने, शासन को झूठे आंकड़े भेज रहे हैं।

कनेक्शन वितरण का नहीं हो रहा भौतिक सत्यापन

जिला खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा ने बताया कि जिले के गैस वितरक वितरण की नियमित जानकारी नहीं दे रहे है। भौतिक सत्यापन के अभाव में गड़बड़ियां सामने नहीं आ रही है। गैस वितरक जिन हितग्राहियों के गैस कनेक्शन इंस्टाल बताकर सूची दे रहे है, उसी आधार पर रिपोर्ट भेजते हैं।

लक्ष्य 35 हजार के विरुद्ध 25 हजार कनेक्शन दिए गए

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2016-17 में शासन से मिले लक्ष्य 29,925 के विरुद्ध शत-प्रतिशत हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरण किया गया था। इसके बाद वर्ष 2017-18 में शासन से प्राप्त लक्ष्य 35,271 के विरुद्ध अब तक 25,974 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरण किया जा चुका है।

ग्राम किरकी के दर्जन भर हितग्राही हो रहे परेशान

साजा ब्लॉक के ग्राम किरकी के दर्जन भर हितग्राही गैस कनेक्शन के लिए गैस एजेंसी व खाद्य विभाग के चक्कर काट रहे है। यहां कई बार शिकायत किए जाने बावजूद अधिकारी गंभीर नहीं दिख रहे। इसमें हितग्राही सुशीला निर्मलकर, रेवती साहू, खेलन साहू, लोभीन वर्मा, लीला वर्मा आदि हैं।

केस 1. गैस कनेक्शन के बारे में किसी ने नहींं बताया: ग्राम कंतेली निवासी रधिया बाई लहरे ने बताया कि साल भर से मिट्टीतेल मिलना बंद हो गया है। सेल्समैन, उम्रदराज होने का हवाला देकर मिट्टीतेल देना बंद कर दिया है। गैस कनेक्शन के बारे में किसी ने नहीं बताया है। अभी चूल्हे में भोजन पका रही हूं।

केस 3. कई बार शिकायत, बावजूद नहीं मिली गैस किट: ग्राम किरकी निवासी सुशीला निर्मलकर ने बताया कि सरपंच के माध्यम से गैस कनेक्शन नहीं मिलने की कई बार शिकायत की गई है। साल भर से अधिक समय से मिट्टी तेल नहीं मिल रहा है। ऐसे में खाना चूल्हे पर बन रहा है। अधिकारी व गैस वितरक गैस किट वितरण को लेकर गंभीर नहीं है।

गैस एजेंसी पर कार्रवाई के लिए लिखेंगे पत्र

सरकारी दस्तावेजों में गैस कनेक्शन इंस्टाल है पर कई हितग्राहियों को अब तक किट नहीं मिली है?

-इस संबंध में हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी गैस वितरकों से जानकारी मंगाकर व्यवस्था बनाई जाएगी।

किरकी सरपंच संतोषी साहू गांव में दर्जन भर हितग्राहियों को गैस किट नहीं मिलने की कई बार शिकायत की है?

-इसके लिए गैस वितरक को कड़ी फटकार लगाई थी। वितरण नहीं किए जाने की स्थिति में एजेंसी पर कार्रवाई के लिए कंपनी को पत्र लिखा जाएगा।

यह समस्या जिले के सभी गांव में बनी हुई है, निराकरण की दिशा में क्या करेंगे?

-राशन दुकानों में हितग्राहियों की सूची चस्पा कराई जाएगी। सूची में नाम होने बावजूद गैस किट नहीं मिलने पर संबंधित हितग्राही सेल्समैन के पास आपत्ति दर्ज कराएंगे। इससे उपभोक्ताओं को आसानी होगी।

केस 2. पड़ोसी व रिश्तेदारों से मिट्टी तेल मांगना पड़ रहा: ग्राम कंतेली की बिसाहिन बाई ने बताया कि उज्जवला योजना के हितग्राहियों की सूची में नाम शामिल हुए दो साल हो चुके है, लेकिन अब तक गैस किट नही मिला है। ऐसे में चूल्हे पर खाना बनाने के लिए पड़ोसी व रिश्तेदारों से मिट्टीतेल मांगना पड़ता है।

खबरें और भी हैं...