टायर फटने से जीप पलटी, एक युवक की मौत, 3 गंभीर घायल
डूंगरा छोटा| सज्जनगढ़ उपखंड के कसारवाड़ी गांव के एक युवक की मध्यप्रदेश में सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए। जानकारी के अनुसार कसारवाड़ी निवासी शांतिलाल कलाल अपने भाई योगेश कलाल और अन्य दो युवकों साथ मध्यप्रदेश के थांदला स्थित अपने रिश्तेदार के वहां जाने निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे लीमड़ी मार्ग पर स्थित झापादरा गांव में जीप का टायर फट जाने से जीप पलट गई। जिसमें चालक शांतिलाल की तो मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए और घायलों को बाहर निकालने के प्रयास किए। लोगों की सूचना पर मध्यप्रदेश के काकनवानी थाना पुलिस का जाब्ता भी मौके पर पहुंचा और घायलों को बाहर निकाला। जिन्हें थांदला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर मृतक शांतिलाल का भी थांदला में पोस्टमार्टम करवाया गया और शाम को शव परिजनों को सौंप दिया।