‘दक्षता परीक्षा पहले समालखा में होगी’
समालखा| एसडीएम गौरव कुमार ने मंगलवार को खंड शिक्षा कार्यालय में राजकीय स्कूल के प्रिंसिपल व हेडमास्टर की ब्लॉक को सक्षम बनाने को लेकर मीटिंग ली। एसडीएम गौरव कुमार ने बताया कि गत वर्ष भी दक्षता परीक्षा ली गई थी जिसमें बच्चों की परीक्षा ली गई थी। इससे बच्चों के ज्ञानवर्धन होता है। उसी कड़ी में इस वर्ष भी 22 मई को दक्षता टेस्ट लिया जाएगा। समालखा और इसराना ब्लॉक को सक्षम बनाने के लिए नॉमिनेट किया गया है। परीक्षा होने के बाद ही परिणाम के अनुसार सक्षम ब्लॉक घोषित किया जाएगा। पहले समालखा और उसके बाद इसराना में परीक्षा होगी। जिसमें समालखा ब्लॉक के राजकीय स्कूलों में चौथी, छठी व आठवीं कक्षा के बच्चों की परीक्षा थर्ड पार्टी लेगी। थर्ड पार्टी की ओर से किन स्कूलों में परीक्षा ली जाएगी इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं दी गई ताकि बच्चे मेहनत से पास हो सकें। परीक्षा का औसत परिणाम अस्सी प्रतिशत होना आवश्यक तभी ब्लॉक को सक्षम घोषित किया जाएगा।
बीईओ बृजमोहन गोयल ने बताया कि राजकीय स्कूल प्रबंधन को शनिवार व रविवार को भी स्कूल में अतिरिक्त कक्षाएं लगाने को कहा गया है। ताकि बच्चों को दक्षता परीक्षा की तैयारी करवाई जा सके। इस अवसर पर सतपाल, साहब सिंह रंगा, विक्रम सहरावत, राजेश कुमार, रविन्द्र आदि मौजूद थे।