‘अनुबंध वाले सफाई कर्मियों का ईएसआई व ईपीएफ काटें’
श्रम विभाग के प्रधान सचिव महावीर सिंह ने मंगलवार को स्थानीय बीडीपीओ कार्यालय में सरपंचों की बैठक लेने के उपरांत स्थानीय शहरी प्रशासन के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने सरपंचों को विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए उनके क्रियान्वयन पर जोर दिया।
महावीर सिंह ने शहरी प्रशासन को स्वच्छता, हाउस टैक्स सर्वे, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम व सौर ऊर्जा पर काम करने के लिए कहा। उन्होंने शहरी प्रशासन की बैठक में नगर पालिका के अधिकारियों से कहा कि वे सफाई व्यवस्था में अनुबंध आधार पर लगे कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से ईएसआई और ईपीएफ काटना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों से समालखा क्षेत्र में 500 गज से ऊपर के प्लाॅट का सर्वे कराने को कहा। सर्वे में देखा जाएगा कि ऐसे प्लॉटों में सरकार की हिदायतों अनुसार वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सौर ऊर्जा प्लांट लगा है या नहीं। इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को दी जाएगी। बैठक में आते ही प्रधान सचिव ने सरपंचों से उनका परिचय पूछा, लेकिन एक भी महिला सरपंच के नहीं आने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम सचिव से इसका जवाब मांगा।
समीक्षा बैठक
श्रम विभाग के प्रधान सचिव ने सरपंच और शहरी प्रशासन के अधिकारियों से योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने को कहा
समालखा क्षेत्र में 500 गज से ऊपर के प्लाॅट का सर्वे करके देनी होगी रिपोर्ट
समालखा. बीडीपीओ कार्यालय में बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा करते लेबर विभाग के प्रधान सचिव महावीर सिंह।
ये रहे मौजूद
बैठक में एडीसी राजीव मेहता, एसडीएम गौरव कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप अत्री, सतपाल मलिक कार्यकारी अभियंता बिजली विभाग, डीएसपी नरेश अहलावत, एसएचओ नवीन सिंधू, महिला डेस्क इंचार्ज योगेश कुमारी, नपा सचिव प्रदीप कुमार, एसडीओ योगेश बजाज, बीईओ बृजमोहन गोयल, सरपंच जिले सिंह, बलराज, सुभाष गुप्ता, प्रवीन बॉबी, बिजेंद्र गौतम, जयपाल कुहाड़, प्रवीन बैनीवाल, विक्रम रमन, श्याम सुंदर बरेजा आदि मौजूद रहे।