समालखा | पावटी से डिकाडला के बीच एक किसान के खेत में मिट्टी उठान को लेकर काम चल रहा है। इसके चलते खेत के बीच में लगे बिजली के पोल गिरने की कगार पर है। निगम के एसडीओ ने पोल गिरने की आशंका जताते हुए पुलिस को लिखित शिकायत देकर खेत मालिक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। बिहोली सब डिविजन के एसडीओ दलजीत वर्मा ने बताया कि पावटी व डिकाडला के पास ड्रेन के नजदीक कुछ लोग मिट्टी खोद रहे हैं। यहां से 33 केवीए डिकाडला लाइन के तीन पोल गिरने की कगार पर हैं। इससे हादसा होने की आशंका है। वहीं खेत मालिक नवीन ने बताया कि जमीन को समतल करने का कार्य किया जा रहा है। बिजली के पोल को छेड़ा नहीं जा रहा। इसको लेकर 11 से 20 मई तक खनन विभाग से परमिशन ले रखी है। जांच कर्मी एसएचओ नवीन संधू ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।