समालखा| गांव जौरासी खास में करीब छह माह से 200 घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। ऐसे में लोगों को साफ पीने का पानी नहीं मिल रहा है। गांव के लोगों ने बताया कि कई बार पंचायत व जन स्वास्थ्य विभाग को समस्या से अवगत करा चुके हैं लेकिन, कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। इससे लोगों में रोष है। ग्रामीण फतेह सिंह, रामकुमार, छोटू, राम सिंह ने बताया कि दो वर्ष पहले ग्राम सचिवालय में एक नलकूप लगाया गया था। इससे करीब दो सौ घरों में पीने का पानी सप्लाई होता है। लेकिन, सचिवालय से कुछ ही दूरी पर गली में पानी की पाइप लीकेज है। इससे गंदा पानी पाइप में जा रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई मनोज कुमार ने बताया कि गांव का नलकूप पंचायत के अधीन आता है। पाइप लीकेज की समस्या को सरपंच से मिलकर जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।