16 वें दिन नरेगा कार्मिकों ने किया सदबुद्धि यज्ञ
समदड़ी | समदड़ी ब्लॉक के नरेगा कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को 16 वें दिन भी जारी रही। सरकार की ओर से अभी तक कोई सुनवाई नहीं करने से नाराज नरेगा कार्मिकों ने धरनास्थल पर सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ का आयोजन किया। कार्मिकों ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर सरकार को सदबुद्धि देने की कामना की। ब्लॉक अध्यक्ष नीरेन्द्र व्यास ने बताया कि नियमितिकरण व भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में अभी तक सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया। इससे कार्मिकों में रोष व्याप्त है। सद्बुद्धि यज्ञ में जिला ग्राम विकास अधिकारी संघ के उपाध्यक्ष आम सिंह भायल, सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष लादूराम विश्नोई, कनिष्ठ लिपिक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष स्वरूपसिंह ने आहुतियां देकर सरकार से नरेगा कार्मिकों के हित में निर्णय लेने की बात कही।