6 गांवों और स्टेशन पर जाने मार्ग पर कीचड़ से ग्रामीण परेशान
सांपला से पाकस्मा मार्ग पर गांव अटायल में कीचड़ के चलते वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बने नालों की सफाई नहीं होने से कीचड़ जमा हो रहा है। कीचड़ के कारण रास्ता खराब होने से वाहन चालक हादसों के शिकार हो रहे है। यह मार्ग छह गांवों और सांपला रेलवे स्टेशन को जाता है। यह मार्ग पाकस्मा, कसरैंटी, आसन, कंसाला, रुड़की और पोलंगी गांव के मार्गों को जोड़ता है। आसन से दिल्ली सर्विस करने जाने वाले रेल यात्री इसी मार्ग से सांपला रेलवे स्टेशन पहुंचते है। सड़क के दोनों तरफ नाले बना रखे है। इनकी सफाई हुए भी काफी समय हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पीडब्लूडी और बीएंडआर या ग्राम पंचायत इसको ठीक करने की दिशा में कोई कारगर कदम नहीं उठा रही है।
सरपंच सुदेश शर्मा के पति सुखदेव का कहना है कि रोड पर कीचड़ फैलने का मुख्य कारण इसके दोनों तरफ बने नाले है। नालों की ऊंचाई रोड से नीचे है। अक्सर इन नालों में वाहन फंस रहे है और लगातार हादसे हो रहे है। कई बार पीडब्लूडी बीएंडआर को विभाग शिकायत दे चुके है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पंचायत ने पहले भी अपने खर्च से नालों की सफाई करवाई है।
सांपला. गांव अटायल में कीचड़ से निकलते वाहन।