जिले में 542 विद्यार्थियों में ज्यादातर बच्चे सरकारी स्कूल से
भास्कर संवाददाता | खरगोन
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का लाभ पाने वाले जिले में सबसे अधिक विद्यार्थी देवी अहिल्या उत्कृष्ट विद्यालय क्र.1 के होंगे। इस योजना के तहत कक्षा 12वीं के बाद किसी भी कॉलेज में प्रवेश लेने पर शुल्क शासन वहन करेगा। पूरे जिले में ऐसे 542 विद्यार्थी हैं, जिन्हें इस योजना के तहत निःशुल्क अध्ययन करने का अवसर तो मिलेगा ही। साथ ही प्रोत्साहन के रूप में लेपटॉप भी प्राप्त होंगे। खरगोन स्थित उत्कृष्ट विद्यालय जिले में 92 वर्ष पुराना स्कूल है। इस स्कूल ने आज भी अपनी पहचान कायम रखते हुए सबसे अधिक पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थी दिए है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना और मुख्यमंत्री प्रतिभावान छात्र पुरस्कार योजना का लाभ प्राप्त करने वाले सबसे अधिक इसी स्कूल के विद्यार्थी है।
महेश्वर व बमनाला स्कूलों में भी मेधावी-शासकीय देवी अहिल्या उत्कृष्ट स्कूल क्र.1 के 58 विद्यार्थी, हायर सेकंडरी स्कूल महेश्वर के 22, हायर सेकंडरी स्कूल बमनाला के 16, बालक देवी अहिल्या क्र.2 खरगोन के 13, बालक हायर सेकंडरी स्कूल सनावद और हायर सेकंडरी स्कूल दौड़वा के 8-8, हायर सेकेंडरी स्कूल भगवानपुरा, हायर सेकंडरी स्कूल अहिरखेड़ा व बालिका हायर सेकंडरी स्कूल झिरन्या के 7-7 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इनके अलावा और भी कई स्कूलें है, जिन्होंने 6-6 विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।