सनावद | मप्र लोकसेवा अभिकरण द्वारा लोक सेवा केंद्रों में एक नई सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के तहत अब आम जनता को वाट्सअप के माध्यम से भी प्रमाण पत्र उनके मोबाइल पर भेजे जाएंगे। इसके लिए आवेदक को आवेदन करते समय अपना वाट्सअप वाला मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा जो की आवेदन को कम्प्यूटर में दर्ज करते समय भरा जाएगा। जैसे ही वह आवेदन प्राधिकृत अधिकारी द्वारा निराकृत किया जाएगा। सॉफ्टवेयर में इस प्रकार की व्यवस्था की गई है कि लोकसेवा केंद्र के ऑपरेटर द्वारा आवेदक को आवेदन पर हुई कार्रवाई की सूचना उसके मोबाइल पर पहुंच जाएगी। जिससे आवेदक अपना आवेदन कहीं से भी निकाल सकता है या अपने मोबाइल में सुरक्षित रख सकता है। सनावद लोक सेवा केंद्र संचालक विवेक जैन ने बताया अभी यह सुविधा केवल आय व निवास के प्रमाण पत्रों के संबंध में शुरू की गई है।