विशेष सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत होगा टीकाकरण
भास्कर न्यूज | जालोर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से वंचित बच्चों व गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए विशेष सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत जिले के सांचौर, चितलवाना और रानीवाड़ा के चयनित 13 गांवों में टीकाकरण से वंचित शून्य से दो साल तक के बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। इस माह में 21 से 23 मई तक टीकाकरण का कार्य होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बीएल बिश्नोई ने बताया कि जिले के चितलवाना ब्लॉक के गांव माधोपुरा, सूथडी, सांकरिया, चामुण्डा नगर, आकोडिया, कुकडिया, कोलियो की गढी और सांचौर ब्लॉक के वाक, बिछावाडी, जाखल तथा रानीवाड़ा ब्लॉक के धानोल, जोडवास, बामनवास गांव में टीकाकरण किया जाएगा। इसके बाद अभियान के तहत जून माह में टीकाकरण होगा। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ डीसी पुन्सल ने बताया कि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले कार्मिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जाएगी। विभाग की ओर से इन 13 गांवों में ही अभियान के तहत वंचित बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इससे पूर्व आशा व एएनएम द्वारा ड्यू लिस्ट बनाई जाएगी और इसके बाद उसके आधार पर टीकाकरण किया जाएगा।