- Hindi News
- National
- जत्थेदार ने सभी सिख जत्थेबंदियों को नारायण दास के खिलाफ केस दर्ज करवाने की हिदायत दी
जत्थेदार ने सभी सिख जत्थेबंदियों को नारायण दास के खिलाफ केस दर्ज करवाने की हिदायत दी
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने सभी सिख संस्थानों, जत्थेबंदियों, एसजीपीसी, दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी व अन्य धार्मिक सभाओं के प्रबंधकों और सिख संगत को नारायण दास के विरुद्ध 295 ए के तहत मामले दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। आरोप है कि नारायण दास ने श्री गुरु अर्जन देव जी के प्रति गलत शब्दावली का प्रयोग किया है।
जत्थेदार ने बताया कि नारायण दास ने श्री गुरु अर्जन देव जी पर किंतु-परंतु किया है। उसने गुरु जी के बारे कहा कि उन्होंने भगत बाणी में अक्षर घटा-बढ़ा कर बाणी की रचना की। श्री गुरु साहिब जी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब को संपादित किया और भगतों की बाणी भी इसमें दर्ज है। गुरु ग्रंथ साहिब सिखों के गुरु हैं और गुरु के लिए सिख संगत अपना सिर भी कटवा सकती है। भगवा साधू की ओर से वीडियो में कही गई बातों से सिख संगत के दिल को भारी ठेस पहुंची है। ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत करने वाले साधु को प्रशासन तुरंत कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे बंद करे। जत्थेदार ने कहा कि गुरु साहिबान व सिख इतिहास के खिलाफ की हरकतें साजिश के तहत हो रही हैं, जिसको सिख कौम कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सरकार को कहा कि समय रहते एेसी हरकतें करने वाले नारायण दास के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सलाखों के पीछे बंद किया जाए। अगर ऐसे शरारती लोगों को काबू न किया गया तो इसके नतीजे भयानक हो सकते हैं। पंथक विद्वान आपस में न उलझें : जत्थेदार ने कहा कि पंथक विद्वान आपस में उलझ कर अपनी दस्तारें न उतारें बल्कि ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की शरारत करते हुए पंथ की भावनाएं न भड़का सके।
नारायण दास के बयान से शांति भंग होने का खतरा : भाई लौंगोवाल
अमृतसर | एसजीपीसी के प्रधान गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने किसी नारायण दास की ओर से कथित तौर पर गुरबाणी और श्री गुरु अर्जन देव जी के प्रति बोलने का नोटिस लिया है। उन्होंने कहा कि नारायण दास ने गुरु जी पर भगत बाणी बदलने के दोष लगाए हैं। गुरु साहिब ने तो भगतों व भट्टों की बाणी को गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज कर बराबर का स्थान दिया है। नारायण दास की इस हरकत से समाज में तनाव बढ़ने व शांति भंग होने का खतरा है। एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ.रूप सिंह, सेक्रेटरी मनजीत सिंह बाठ और श्री दरबार साहिब के मैनेजर जसविंदर सिंह दीनपुर आदि ने डीसीपी अमरीक सिंह पवार को लिखित शिकायत देकर नारायण दास कि विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
नारायण दास के खिलाफ पुलिस को शिकायत देते हुए एसजीपीसी के ओहदेदार।
हरनेक सिंह नेकी श्री अकाल तख्त पर तलब
अमृतसर | श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने न्यूजीलैंड में रेडियो विरसा चला रहे हरनेक सिंह नेकी को तलब किया है। स्पष्टीकरण देने के लिए उसे 10 दिन का समय दिया है। गुरु साहिबान, इतिहास व सिख परंपराओं के खिलाफ कथित गलत टिप्पणी के बाद चर्चा में आए रेडियो विरसा न्यूजीलैंड के विरुद्ध पंजाबी भाईचारे की ओर से 20 मई को दोपहर 2 बजे रेडियो स्टेशन के सामने रोष प्रदर्शन किया जाएगा। कुछ दिन पहले ही जत्थेदार ने सिख संगत को नेकी के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा था।