- Hindi News
- National
- हनुमानगढ़ स्टेशन पर लावारिस हाल में नांदेड़ की महिला मिली, बोली गांव से काम का झांसा देकर यहां लाई
हनुमानगढ़ स्टेशन पर लावारिस हाल में नांदेड़ की महिला मिली, बोली-गांव से काम का झांसा देकर यहां लाई
जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक महिला अपने बच्चे के साथ लावारिस हाल में मिली। पूछताछ में सामने आया कि महिला को उसी के गांव की एक महिला झांसा देकर यहां ले आई। रेलवे प्रशासन को यह महिला रेलवे परिसर में मिली। रेलवे प्रशासन ने इसकी सूचना तुरंत समाज सेवी डॉ. सुमन चावला और शहर के अन्य लोगों को दी। इसके बाद उन्होंने जीआरपी और आरपीएफ को भी इसकी सूचना देकर उन्हें मौके पर बुलाया। बाद में महिला की साड़ी से बंधे नंबरों पर कॉल करने पर उसकी पहचान हो पाई। महिला ने खुद को नांदेड़ निवासी संगीता और पति का नाम बालजी बताया। काफी देर चर्चा के बाद महिला को सखी सेंटर में ठहराव के बाद वापस उसके घर पहुंचाने की कवायद शुरू हुई। स्टेशन मास्टर मदन सिंह ने बताया कि महिला को सुरक्षित अपने घर पहुंचाने के लिए पुलिस को कहा गया है। वहीं जीआरपी के हरीराम ने कहा कि इसे नियमानुसा पहले एसडीएम के यहां पेश किया जाएगा फिर अनुमति पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार महिला से जब इस संबंध में पूछा गया तो उसका कहना था मेरे गांव की ही महिला मुझे यहां काम दिलाने के बहाने लाई फिर मुझे यहां छोड़ दिया। मैं यहां से दो किमी ऐरिया में भी गई। वहां मुझे अन्य महिलाओं से पता चला कि मुझे बेचा जाएगा। फिर कोई व्यक्ति मुझे ऑटो पर यहां छोड़ गया। मेरा पति ब्लांइड है और मेरे एक बच्चा और भी है। उल्लेखनीय है महिलाओं को झांसा देकर बाहर के शहरों से हनुमानगढ़ लाने के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। ऐसे में अब किस मकसद से उसे यहां लाया गया ये तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा।