लहसुन की सरकारी खरीद शुरू करने को किसान सभा ने दिया ज्ञापन
इटावा. लहसुन की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग को लेकर मंगलवार को किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री व सहकारिता मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी संजीव कुमार शर्मा को ज्ञापन दिया। तहसील अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण मीणा ने बताया क्षेत्र में लगातार चार पांच वर्षों से किसान महंगी लागत से लहसुन की उपज करता आ रहा है लेकिन उसको लागत के हिसाब से भाव नहीं मिल रहा हैं।
सरकार द्वारा बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत लहसुन की खरीद करती हैं। इस वर्ष भी किसान सभा ने सड़क पर संघर्ष किया और 3257 रुपए में सरकार द्वारा खरीद की घोषणा की गई। लेकिन इस खरीद के लिए सरकारी खरीद केंद्र कम व दूर होने की वजह से क्षेत्र के किसानों को सस्ते दामों पर दूर की मंडियों में जाकर लहसुन को बेचना पड़ता है । इसलिए किसान सभा मांग करती है किसानों को लहसुन का उचित दाम मिले। इसके लिए इटावा में भी लहसुन का सरकारी खरीद केंद्र अति शीघ्र चालू किया जाए। तहसील सचिव कमल बागड़ी ने बताया कि सरकार द्वारा सरकारी खरीद की घोषणा करने के बाद अभी तक भी क्षेत्र में लहसुन की खरीद शुरू नहीं की गई। इसको लेकर किसानों में गहरा आक्रोश है। इसको लेकर 21 अप्रैल को इटावा में किसान सभा के पदाधिकारियों व तहसील कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इटावा में लहसुन खरीद केंद्र खोलने, गेहूं ,चने व सरसों के खरीद केंद्रों पर हो रही अव्यवस्था में सुधार करने, बेची गई उपज का अविलंब भुगतान करने व जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा करने सहित कई मांगों को लेकर चर्चा कर संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी। ज्ञापन देने में लक्ष्मीनारायण मीणा, महेंद्र कुमार सुमन, गुलाबचंद मीणा, प्रेम पेंटर घनश्याम मीणा दुर्जनपुरा, नंद किशोर प्रजापत, कमल बागड़ी शामिल रहे ।
कोटा. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किसानों को राहत देते हुए प्रदेश की कृषि मंडी सुल्तानपुर, सांगोद समेत निंबाहेड़ा, जोधपुर में भी लहसुन की खरीद के लिए खरीद केंद्र खोलने को मंजूरी दी है। इन केंद्रों पर राजफैड के माध्यम से लहसुन की खरीद होंगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर केंद्र सरकार ने रबी सीजन के लिए प्रति किसान खरीद की सीमा 25 क्विंटल की जगह बढ़ाकर 40 क्विंटल की है।
इटावा. लहसुन खरीद की मांग को लेकर ज्ञापन देते किसान सभा पदाधिकारी।