मोड़क स्टेशन। खैराबाद पंचायत समिति के मनरेगा कर्मचारी 17 दिनों से हड़ताल पर चल रहे हैं। सरकार ने उनको अब तक किसी प्रकार का आश्वासन नहीं दिया है। ऐसे में कर्मचारियों में आक्रोश है। गुरुवार को कोटा मनरेगाकर्मी अध्यक्ष संतोष सिंह राजपूत के नेतृत्व में सांगोद में सीएम वसुंधरा राजे को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें अपनी मांगों को पूरा करने की बात कही। सीएम को ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मी मौजूद थे।
सिंह ने बताया कि हड़ताल के चलते सभी नरेगा कार्य ठप पड़े हुए हैं। अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश के राष्ट्रीय ग्रामीण बेरोजगार गारंटी अधिनियम के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत नरेगा कर्मी सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की पालना नहीं करने और पंचायतीराज एसएस आर व कनिष्ठ लिपिक भर्ती को पूरा नहीं करने से कलमबंद असहयोग आंदोलनरत हैं। प्रदेश की समस्त पंचायत समितियों में धरने प्रदर्शन किए जाने से गर्मी के सीजन में भी प्रदेश के सारे नरेगा कार्य ठप पड़े हैं। ज्ञापन देने वालो में प्रदीप जैन, नवीन शर्मा, जयदीप, दिनेश, महेंद्र, सुरेन्द्र शर्मा,संजय विजय,सुरेन्द्र रेगर, राजाराम, सीमा जैन और नरेंद्र मौजूद रहे।
मोड़क स्टेशन. सीएम को मनरेगा कर्मी ज्ञापन सौंपते हुए।