पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खुदकुशी कर चुके किसानों के बच्चों को फ्री शिक्षा मुहैया करवाएगा मस्तुआना साहिब ट्रस्ट

खुदकुशी कर चुके किसानों के बच्चों को फ्री शिक्षा मुहैया करवाएगा मस्तुआना साहिब ट्रस्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंजाब में किसान खुदकुशियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कर्जे की मार तले दबे किसान खुदकुशी को गले लगा रहे हैं। पंजाब सरकार ने खुदकुशियों को रोकने के लिए कर्जामाफी स्कीम शुरू की है,ताकि किसानों को कुछ हद तक राहत मिल सके व खुदकुशियों का सिलसिला रोका जा सके। खुदकुशी कर चुके किसानों के परिवारों की मदद के लिए संत अतर सिंह गुरसागर मस्तुआना साहिब ट्रस्ट आगे आया है। ट्रस्ट ने फैसला लिया है कि खुदकुशी कर चुके किसानों के बच्चों को ट्रस्ट की ओर से मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी।

अकाल कॉलेज के प्रबंधक व अकाल कॉलेज कौंसिल की बैठक संत अतर सिंह गुरुसागर मस्तुआना साहिब में हुई। ट्रस्ट के सदस्य दलजीत सिंह व कौंसिल सचिव जसवंत सिंह ने बताया कि जिले भर में जिन किसानों ने आर्थिक तंगी के कारण खुदकुशी कर ली है,उन परिवारों के बच्चों को कौंसिल की ओर से मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। कई घरों में खुदकुशी की वजह से पिता का सहारा बच्चों के सिर से उठ जाता है, जिस कारण बच्चे मजबूरी वश पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं। पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों की तलाश कर उनकी शिक्षा फिर से शुरू करवाई जाएगी। मुफ्त शिक्षा हासिल करने के लिए किसान खुदकुशी पीड़ित परिवार का कोई भी बच्चा ट्रस्ट से संपर्क कर सकता हैै।

12वीं के छात्रों को सही कॅरियर चुनने के लिए कॅरियर काउंसलिंग भी शुरू, अकाल कॉलेज कौंसिल की बैठक में फैसला

बच्चों को कॅरियर के लिए प्रेरित करने के मकसद रवाना होती काउंसलिंग टीम।

11वीं से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन की शिक्षा मुहैया करवाएगी

ट्रस्ट के अधीन अकाल डिग्री कॉलेज, अकाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अकाल कॉलेज ऑफ फार्मेसी, अकाल गुरमति कॉलेज, संत अतर सिंह अकादमी, अकाल सी. सेकें. स्कूल, अकाल बीज फार्म, फिजीकल कॉलेज ऑफ एजुकेशन आदि शैक्षणिक संस्थान चल रहे है। जहां बच्चों को 11वीं से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक शिक्षा मुहैया करवाई जा रही है।

लोगों को मुफ्त शिक्षा मुहैया करवाना सरकार का फर्ज : भाकियू

भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के राज्य प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां ने ट्रस्ट के इस फैसले की प्रशंसा करते हुए कहा है कि ट्रस्ट के इस फैसले से पीडि़त परिवारों को काफी राहत मिलेगी। कांग्रेस कार्यकाल के दौरान पंजाब भर में 585 किसान कर्जे के कारण खुदकुशी कर चुके है। जबकि जिले में यह आकड़ा 50 से उपर है। लोगों को मुफ्त शिक्षा मुहैया करवाना सरकार का फर्ज है। शिक्षा महंगी होने का कारण खुदकुशी पीडि़त परिवार के बस में अच्छी शिक्षा हासिल करना असंभव है। ट्रस्ट के इस फैसले से पीडि़त परिवारों को काफी राहत मिलेगी।

ट्रस्ट की टीमें प्रतिदिन सुबह 7 बजे विभिन्न गांवो में जाएंगी, 3 माह में मुहिम होगी पूरी

ट्रस्ट ने मस्तुआना साहिब के नजदीकी गांवों में 12वीं के छात्रों को सही कॅरियर चुनने के लिए कॅरियर काउंसलिंग शुरू कर दी है। ट्रस्ट की टीमें प्रतिदिन सुबह 7 बजे विभिन्न गांवो में जाकर बच्चों की रूचि देखकर उन्हें कॅरियर चुनने के लिए प्रेरित करेंगी। यह मुहिम करीब 3 महीने तक गांवों में चलाई जाएगी। गुरुद्वारा साहिब में अरदास करने के बाद इन टीमों को गांवों के लिए रवाना किया गया।

खबरें और भी हैं...