बस एक्टिवा को 500 मी. घसीट ले गई, दो छात्राओं की मौत
स्कूल बस की चपेट में आने से एक्टिवा सवार नर्सिंग की दो छात्राओं की मौत हो गई है। हादसा इतना भयानक था कि बस एक्टिवा को 500 मीटर तक घसीटती ले गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक्टिवा को बस के नीचे से निकाला।
करनाल (हरियाणा) निवासी आकाशदीप कौर व बिहार निवासी ज्योति सिविल अस्पताल में जीएनएम का कोर्स कर रही थी। दोनों का यह अंतिम वर्ष था। आकाशदीप कौर अजीत नगर व ज्योति गंगाराम बस्ती में पीजी में रहती थी। मंगलवार शाम दोनों एक्टिवा पर अस्पताल में नाइट ड्यूटी पर आ रही थीं। दोनों जब पुलिस लाइन क्रॉस कर ओवरब्रिज के मध्य पहुंचीं तो सामने से आ रही एक निजी स्कूल की बस ने एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। जिस कारण दोनों वहीं गिर गईं जबकि एक्टिवा बस के नीचे फंस गई। जिसे बस घसीटती हुई ओवर ब्रिज के नीचे तक ले गई। बस में निजी कंपनी की वर्कर सवार थी। इस हादसे में आकाशदीप कौर, ज्योति, बस में सवार एक महिला व बस ड्राइवर सुखपाल सिंह घायल हो गए। जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डाक्टरों ने आकाशदीप व ज्योति को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुखपाल सिंह का इलाज चल रहा है। घटना का पता चलते ही सिविल अस्पताल में माहौल गमगीन हो गया। नर्सिंग की सभी छात्राएं एक दूसरे के गले लग रोने लगी। हर कोई एक दूसरे को ढांढस बंधा रहा था। नर्सिंग स्टाफ व अस्पताल स्टाफ ने बड़ी मुश्किल से छात्राओं को संभाला। थाना सिटी-2 के एसएचओ रमनदीप सिंह का कहना है कि बस ड्राइवर अस्पताल में उपचाराधीन है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। उनके बयानों के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नाइट ड्यूटी पर जा रही थीं मरने वालीं छात्राएं , एक्टिवा बस के नीचे फंस गई
संगरूर में नर्सिंग छात्राओं का ढांढस बंधाते स्टाफ सदस्य (दाएं) बस के नीचे फंसी एक्टिवा को निकालते लोग।